आवंटन के बाद भी वेतन भुगतान नहीं
महासमुंद | छग पंचायत नगरीय निकाय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नारायण चौधरी ने बताया कि महासमुंद एवं बागबाहरा के लिए वेतन का आवंटन कर दिया गया है। इसके बाद भी बीईओ द्वारा वेतन भुगतान नहीं किया गया है। इससे शिक्षाकर्मियों में आक्रोश है। संघ ने कहा कि शासन की ओर से 5 तारीख तक अनिवार्य रूप से वेतन भुगतान के निर्देश दिए गए हैं। इसका परिपालन नहीं हो रहा है। संघ द्वारा इस संबंध में उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया गया है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। संघ ने शासन से मांग है कि यदि महीने के 5 तारीख तक वेतन भुगतान नहीं किया जाता है, तब वे घेराव एवं हड़ताल करने के बाध्य होंगे। संघ के उपप्रांताध्यक्ष सुधीर प्रधान, शोभा सिंहदेव, नंदकुमार साहू, अनिल ढीढी, ऋषि प्रधान आदि ने अतिशीघ्र वेतन भुगतान करने की मांग की है।