पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • प्री बोर्ड से बढ़ा आत्मविश्वास, 21 हजार परीक्षार्थियों ने परखी अपनी स्थिति

प्री-बोर्ड से बढ़ा आत्मविश्वास, 21 हजार परीक्षार्थियों ने परखी अपनी स्थिति

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
परीक्षा का भय दूर करने जिले में शुरू की गई प्री-बोर्ड परीक्षा के सौ फीसदी परिणाम ने छात्र-छात्राओं के मन में उत्साह भर दिया है। परीक्षा के पहले ही 10वीं-12वीं के 21775 परीक्षार्थी बोर्ड परिणाम में अपनी स्थिति जान गए हैं। 212 हाई और हायर सेकंडरी स्कूल में यह परीक्षा ली गई।

परीक्षा से बच्चों में मौजूद खामियों को पकड़ा गया। अब इन्हें दूर करने प्रश्नावली तैयार की गई है, जिसे हल कराया जा रहा। विषय विशेषज्ञ प्रश्नों को लेकर सामने आई उलझनों को दूर कर रहे हैं।

प्री-बोर्ड परिणाम के आधार पर परीक्षा की तैयारी में लगे पटेवा स्कूल के छात्र भेखलाल सिन्हा, ज्योति दुबे और धारिणी साहू ने बताया कि इससे उन्हें अपनी तैयारी के स्तर का पता चला है। तीन सेट में सभी को प्रश्नावली दी गई है। वे कक्षा और घर पर हल कर रहे हैं।

किसी उलझन को वे विषय विशेषज्ञों से दूर करा रहे हैं। प्राचार्य एससी प्रधान ने बताया कि दिसंबर में ही कोर्स पूरा कर लिया गया था। जनवरी में प्री-बोर्ड परीक्षा ली गई। मूल्यांकन दूसरे स्कूल के व्याख्याताओं से कराया गया। अवलोकन के बाद पुस्तिका बच्चों में बांटी गई और गलतियां बताई गईं।

प्री-बोर्ड के माध्यम से केंद्राध्यक्ष और पर्यवेक्षकों की टीम का पूर्वाभ्यास कराया गया है। मूल्यांकन टीम काे भी परखने की कोशिश की गई है। मूल्यांकन के दौरान संभावित पूरक प्रश्न भी तैयार किए गए हैं।

प्रश्नपत्र और प्री-बोर्ड की उत्तरपुस्तिकाओं के माध्यम से बच्चों के बीच प्रश्न-उत्तर पर खुली चर्चा भी कराई जा रही है। बच्चों को अब यह पता चल गया है कि कौन-कौन से प्रश्न किस-किस ढंग से बोर्ड की परीक्षा में आ सकते हैं।

10वीं-12वीं प्री-बोर्ड परिणाम ने उन बच्चों को भी चिन्हित किया, जिन्हें प्रावीण्य अंक के लिए मार्गदर्शन की जरूरत है। स्कूल में विशेष कक्षाओं के माध्यम से परीक्षा को सरल बनाने प्रयास किय जा रहा है।

सभी विषयों की प्रश्नावली को तीन सेट में तैयार कर बच्चों में बांटा गया है। बच्चे अलग-अलग सेट की परीक्षा नियत तिथि में खुद आयोजित कर रहे हैं। समय सीमा के भीतर प्रश्नों के उत्तर देने और सुलेख को बढ़ावा देने की तैयारी की जा रही है।

परीक्षार्थियों के मन से बोर्ड परीक्षा का खौफ दूर हुआ है। हम सौ फीसदी परिणाम के करीब हैं। बच्चों में खामियों को दूर करने प्रदेश का यह पहला प्रयोग कारगर दिख रहा है। राकेश पांडेय, डीईओ, महासमुंद

विशेष कोचिंग में कराई जा रही तैयारी
परीक्षा पर एक नजर
23 फरवरी से आयोजित होने जा रही परीक्षा में 10वीं-12वीं के 21775 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक होने वाली परीक्षा के लिए 102 केंद्र बनाए गए हैं, जहां जिले 212 स्कूल के बच्चे परीक्षा देंगे।

साढ़े 500 से अधिक पर्यवेक्षक और 10 उड़नदस्ता केंद्रों में निरीक्षण के लिए तैनात किया गया है।

जिले में पांच नए केंद्र रायतुम, कमरौद, भंवरपुर, कोलिहादेवरी और बड़े साजापाली को शामिल किया गया है।

पटेवा हाईस्कूल में प्री बोर्ड की परीक्षा के बाद प्रश्नावली को विशेष कक्षाओं के माध्यम से हल कराने की कोशिश।

खबरें और भी हैं...