टिकट वितरण को लेकर गुटबाजी
भाजपा अध्यक्ष पद के दावेदार ने निर्दलीय प्रत्याशी का समर्थन किया
ओटगन(सिमगा) | नगरपंचायत सिमगा में होने वाले नगरीय निकाय चुनाव के लिए जहां एक तरफ दावेदार अपने उम्मीदवारी को मजबूत करने शीर्ष नेताओं का आशीर्वाद ले रहे हैं वहीं टिकट वितरण को लेकर पार्टी में गुटबाजी बढ़ रही है। चुनाव नजदीक आते ही तहसील आफिस में नामांकन दाखिले का दौर प्रारंभ हो गया है। कांग्रेस की अपेक्षा भाजपा में गुटबाजी ज्यादा दिखाई दे रही है।
इसी असंतोष के चलते भाजपा से नगर पंचायत अध्यक्ष पद के दावेदार नीरज शर्मा जिनको टिकट मिलने की संभावना के बराबर है। वे अभाविप के जिला संयोजक, भाजयुमो के जिला ग्रामीण उपाध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने गुरुवार को निर्दलीय प्रत्याशी रमेश सोनी का प्रस्तावक बनकर उन्हें अपना समर्थन दिया है। इतना ही नहीं उन्होंने आज नगर के एक वार्ड में अपने साथियों सहित श्री सोनी के लिए प्रचार किया। इस घटना से भाजपा में खलबली मच गई है। आज समाचार पत्र में प्रकाशित भाजपा के संभावित प्रत्याशियों की सूची से भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है जिसके चलते नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा को नुकसान होने की संभावना नजर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड में सक्रिय कार्यकर्ता जो टिकट की आस में थे लेकिन टिकट नहीं मिलने की स्थिति में वे अपने वार्डों में निर्दलीय चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। नीरज शर्मा ने इस संबंध में कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं की कमी नहीं है। सबको टिकट की दावेदारी करने का अधिकार है लेकिन पिछले कुछ दिनों से भाजपा में गैर भाजपाई लोगों को महत्व दिया जा रहा है, इससे मैं आहत हूं। आज नामांकन दाखिले के तीसरे दिन भागवत सोनकर ने कांग्रेस रमेश सोनी निर्दलीय अध्यक्ष पद के लिए फार्म जमा किया। वहीं वार्ड पार्षद के लिए विभिन्न वार्डों से 5 लोगों ने अपना नामांकन दाखिल किया है।
ओटगन (सिमगा). रिटर्निंग अफसर के सामने नामांकन दाखिल करते दावेदार।