- Hindi News
- कार्यकर्ताओं ने कहा प्रत्याशी थोपें नहीं
कार्यकर्ताओं ने कहा-प्रत्याशी थोपें नहीं
नगरीयनिकाय चुनावों के लिए बुधवार को कांग्रेस पार्टी के पर्यवेक्षकों ने स्थानीय विप्र वाटिका में पार्टी के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर तथा कार्यकर्ताओं के बीच चल रहे नामों पर ही टिकट वितरण का विचार करने की मांग करते हुए बताया कि गत चुनावों में प्रत्याशियों को कार्यकर्ताओं के ऊपर थोपा गया जिसकी वजह से प्रत्याशी को करारी हार झेलनी पड़ी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक अटल श्रीवास्तव तथा विजय बघेल ने बुधवार को विप्र वाटिका में स्थानीय कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विद्याभूषण शुक्ल, विधायक जनकराम वर्मा सहित पार्टी पदाधिकारी तथा दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे। बैठक में नगरीय निकाय चुनावों में टिकट वितरण के तरीकों के बारे में कार्यकर्ताओं को अपनी राय व्यक्त करने के लिए आमंत्रित किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए पर्यवेक्षकों ने समस्त कार्यकर्ताओं से नगरीय निकाय चुनावों में पूरी ताकत से जुट जाने का आह्वान किया।
काबिलियत देखें, नेताओं की पसंद नहीं
कार्यकर्ताओं ने बताया कि अभी तक टिकट वितरण के दौरान केवल यह देखा जाता है कि कौन सा प्रत्याशी किस नेता का प्रिय है परंतु उस प्रत्याशी में जीत सकने लायक काबिलियत है या नहीं इसका ध्यान नहीं रखा जाता। इसी वजह से पार्टी को विगत नगरीय निकाय चुनावों में पराजय का सामना करना पड़ा। बैठक में उपस्थित अधिकांश कार्यकर्ताओं ने नगरीय निकाय चुनावों का टिकट ऊपर से थोपे जाने की बजाय कार्यकर्ताओं के बीच से देने की बात कही।
बलौदाबाजार. कांग्रेस पर्यवेक्षकों ने बुधवार को कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।