कम समय से दोनों दलों में हड़बड़ाहट
सुप्रीमकोर्ट द्वारा नगरीय निकाय चुनावों के स्टे को खारिज किए जाने के बाद अब निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव की तिथियां घोषित किए जाते ही फिर से नगरीय निकाय चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई हैं। ताजा घटनाक्रम में भाजपा तथा कांग्रेस दोनों ही दलों में गुप्त बैठकों के साथ ही साथ अब आनन-फानन में प्रत्याशियों का पैनल तथा लिस्टिंग चालू हो चुकी है।
दोनों ही पार्टियों में अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने वाले संभावित दावेदारों द्वारा भी अब चुनाव की तैयारी के लिए कम समय मिलने की बात कहते हुए पार्टी नेताओं से जल्द से जल्द प्रत्याशी फाइनल किए जाने की मांग की जा रही है। विदित हो कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा नगरीय निकाय चुनावों पर लगी रोक हटा दिए जाने के बाद से नगरीय निकाय चुनावों की सरगर्मी फिर से तेज हो गयी है। चुनाव की नई तिथियों के अनुसार बलौदा बाजार नगर पालिका का चुनाव दूसरे चरण में 31 दिसंबर को है। चुनाव के लिए 10 से 17 दिसंबर तक नामांकन, 19 को छंटनी, 22 दिसंबर तक नाम वापसी तथा 31 दिसंबर को मतदान किया जाएगा। गत दिनों हाईकोर्ट द्वारा नगरीय निकाय चुनावों में रोक लगाए जाने के बाद सभी दावेदार जनसंपर्क में कट गए थे तथा अपने व्यावसायिक कार्यों में लीन हो गए थे।
सुप्रीम कोर्ट द्वारा फिर से चुनाव कराए जाने के निर्देश दिए जाने के बाद अब सबसे ज्यादा बैचेनी दावेदारों में है। बलौदा बाजार नगर पालिका क्षेत्र में वर्तमान में 18 (नवीन 21) वार्ड हैं। नई तिथियों के हिसाब से 22 तारीख तक नाम वापसी के बाद सीधे 31 तारीख को मतदान किया जाना है लिहाजा नगर पालिका के 21 वार्डों के लिए जनसंपर्क के लिए अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के पास कुल आठ दिन ही बचेंगे। चुनाव टलने की वजह से दावेदारों के साथ ही साथ पार्टी के बड़े नेताओं द्वारा भी नगरीय निकाय चुनाव की तैयारी को लेकर सुस्ती बरती जा रही थी जो अब दलों को भारी पड़ रही है।
दावेदारों की मांग, जल्दी टिकट फाइनल हो
नगरपालिका चुनावों की तैयारी के लिए बेहद कम समय मिलने से दावेदारों द्वारा अब जल्द से जल्द टिकट फाईनल किए जाने की मांग की जा रही है ताकि प्रत्याशी को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके। जानकारी के अनुसार पार्षद चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी के लिए तो आठ दिन का समय पर्याप्त रहेगा परंतु अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी के लिए आठ दिन का समय बेहद कम रहने की वज