प्रत्याशी मुहूर्त का इंतजार कर रहे
गरियाबंद | नगरपालिका चुनाव के लिए नामांकन के पहले दिन सोमवार को कलेक्टोरेट में एक भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ जबकि पार्षद पदों के लिए 7 नामांकन पत्र प्रत्याशियों ने खरीदे हैं। पहले दिन यहां नामांकन के नाम पर बोहनी तक नहीं हुई, बाजे-गाजे भी नजर नहीं आये। 15 दिसंबर नामांकन की अंतिम तिथि है। भाजपा, कांग्रेस में चुनाव के मद्देनजर टिकिट वितरण की जोड़तोड़ शुरू हो गई है। भाजपा कांग्रेस सहित निर्दलीय प्रत्याशी नामांकन दाखिले के लिए मुहूर्त का इंतजार कर रहे हैं।
वार्ड 11 से हेम कल्याणी सिन्हा, वार्ड से 12 सुनील सोनी, वार्ड से 13 जाकिर रिजवी, वार्ड 1 से गीतांजली पात्र, वार्ड 2 से राजकुमार तिवारी, वार्ड 10 से सरला उइके, वार्ड 14 से प्यारेलाल सिन्हा ने नामांकन पत्र खरीदे हैं। इधर नगरीय निकाय निर्वाचन के लिए नियुक्त निर्वाचन प्रेक्षक एससी रहट गांवकर (भारतीय वन सेवा) ने सोमवार को नगर पालिका गरियाबंद अंतर्गत आने वाले मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गरियाबंद जिले के लिए नियुक्त प्रेक्षक ने गरियाबंद के वार्ड 7 एवं 8 में स्थित मतदान केन्द्रों का निरीक्षण करते हुए सभी आवश्यक तैयारियों की जानकारी ली और दिशा निर्देश दिये। उन्होंने वार्ड क्रमांक 7 की प्राथमिक शाला रावणभाठा और वार्ड क्रमांक 8 के डाकबंगला वार्ड में निरीक्षण कर मतदान कक्ष में विद्युत, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
उन्होंने वार्ड 8 के मतदान केन्द्र में बने रैंप में रेलिंग लगाने के निर्देश दिये। साथ ही मतदान कक्ष के भीतर लगे अन्य पोस्टर एवं दीवारों पर लिकी अन्य जानकारी को हटाने एवं मिटाने के निर्देश दिये।
गरियाबंद. चुनाव पर्यवेक्षक ने नगर के मतदान केंद्रों का दौरा किया।