सरपंचों ने दी आंदोलन की चेतावनी
अधिकारी लक्ष्य पूरा करने के लिए दबाव बना रहे
भास्कर न्यूज | नगरी
मनरेगा के तहत ग्राम पंचायतों में व्यक्तिगत शौचालय बनाए गए हैं, पर सामग्री व मजदूरी की राशि का भुगतान 6 माह से लंबित है। इससे परेशान सरपंच, सचिव और रोजगार सहायकों ने आंदोलन पर जाने की चेतावनी दी है।
उन्होंने बताया है कि ग्राम पंचायत सरईटोला में 21.60 लाख की लागत से 229 शौचालय बनाने की स्वीकृति मिली थी, लेकिन शासन से केवल 3.15 लाख का ही आबंटन मिला, जबकि यहां 180 शौचालय बनाए जा चुके हैं।
इसी तरह मुनईकेरा में 10.50 लाख की लागत से 120 शौचालय बनने थे, लेकिन राशि के अभाव में सिर्फ 90 शौचालय ही बन पाए हैं। यही हाल गुहाननाला, रिसगांव, चनागांव, डोकाल, परसापानी, भोथापारा, गेदरा, घोटगांव, बटनहार्रा, बगरूमनाला, कौहाबाहरा, घुटकेल पंचायतों का है। शौचालय बनाने के लिए जिन फर्मों से सामाग्री ली गई है और जिन मजदूरों से काम कराया गया है, वे रोज राशि की मांग कर रहे हैं।
इधर नगरी जनपद के अधिकारी शौचालय निर्माण का लक्ष्य पूरा करने के लिए दबाव बना रहे हैं और सरपंच व सचिव को बरखास्त करने या निलंबित करने के लिए नोटिस थमा रहे हैं। इस स्थिति के चलते सरपंच, सचिवों का आक्रोश बढ़ने लगा है। उन्होंने राशि जारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।