- Hindi News
- छींकने, खांसने से भी स्वाइन फ्लू का संक्रमण, सतर्क रहने कहा
छींकने, खांसने से भी स्वाइन फ्लू का संक्रमण, सतर्क रहने कहा
स्वाइनफ्लू के बचाव के लिए सतर्कता बरतने बुधवार को कलेक्टर अशोक अग्रवाल की अध्यक्षता में डॉक्टरों की बैठक हुई। इसमें स्वाइन फ्लू से बचाव, रोकथाम एवं सावधानी के विषय में चर्चा की गई। डॉ. मोहबे ने बताया कि स्वाइन फ्लू या इन्फ्लूएन्जा एच1एन1 एक नया इन्फ्लूएन्जा वायरस के संक्रमण से होने वाली श्वसन तंत्र की संक्रामक रोग है।
यह बीमारी एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में श्वसन तंत्र के द्वारा फैलती है। संक्रमित व्यक्ति से उसके छींकते एवं खांसते वक्त वायरस वातावरण में ड्रापलेट के रूप में फैलते हैं, जो उस वातावरण में श्वांस लेने वाले व्यक्ति के श्वसन तंत्र में प्रवेश कर उसे संक्रमित करते हैं। स्वाइन फ्लू के लक्षण मौसमी फ्लू की तरह होते हैं। इसमें बुखार, सर्दी, खांसी, छींक, कॅफ जमना, गले में खरॉश, सिर दर्द, बदन दर्द, ठंड लगना और थकान की शिकायतें होती हैं। उल्टी दस्त एवं पेट दर्द भी हो सकते हैं। गंभीर मरीजों में तेज बुखार एवं सांस लेने में तकलीफ होती है।संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने के एक से सात दिनों में स्वस्थ व्यक्ति संक्रमित हो सकता है। लक्षण समाप्त होने के बाद संक्रमित व्यक्ति सात दिनों तक संक्रमण फैला सकता है। बच्चों, वृद्धों एवं पूर्व से अस्वस्थ व्यक्तियों में स्वाइन फ्लू के संक्रमण के गंभीर परिणाम हो सकते हैं। कलेक्टर अग्रवाल ने इस बीमारी से बचाव एवं उपचार के संबंध में लोगों को जागरूक करने कहा।
कलेक्टर ने कहा कि किसी भी व्यक्ति में इस बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर सीएमओ डॉ सीएस मोहबे आदि मौजूद थे।
इस तरह से एहतियात बरतें
डॉ.मिथलेश चौधरी ने बताया कि खांसते एवं छींकते समय अपने मुंह एवं नाक को रूमाल से या टीशू पेपर से ढकें, खांसने या छींकने वाले व्यक्ति से कम से कम एक हाथ दूर रहें। भीड़ भरी स्थानों पर जाने से बचें, अपने हाथों को बार-बार साबुन पानी से धोते रहें, अच्छे स्वास्थ्य को बनाए रखने का प्रयास करें। पर्याप्त नींद ले, तनाव से बचें एवं शारीरिक रूप से सक्रिय रहें, पर्याप्त मात्रा में पानी एवं अन्य तरल पदार्थ और पौष्टिक भोजन का सेवन करें, आंख, नाक और मुंह को छुने से बचें, यदि स्वाइन फ्लू से पीडि़त होने की आशंका हो तो घर पर ही रहें, स्कूल अथवा कार्यालय जाएं, सीमित व्यक्तियों से ही मिले, सर्दी, खांसी या श्वासन तंत्र से कोई भी तकलीफ हो तो तुरंत निकट के अस्पताल में जांच एवं उपचार करा ले।