दूसरे दिन भी खंगाले कंपनी के दस्तावेज
तीनराज्यों से आई इनकम टैक्स की छापामार टीम की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही। सुबह से देर शाम तक यह कार्रवाई चलती रही। अफसरों ने एबीस गु्रप के बल्देव बाग स्थित दफ्तर के साथ-साथ कार्पोरेट ऑफिस, कमल सालवेंट और पंचशील ऑइल फैक्ट्री में दबिश जारी रखी। इस दौरान पुलिस बल भी तैनात रखा गया। अफसरों की टीम ने कंपनी से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों को जब्त किया है। इस कार्रवाई के बाद से यहां हड़कंप मचा हुआ है।
इनकम टैक्स की टीम ने बुधवार को इस कार्रवाई की शुरुआत की थी। गुरुवार को भी 15 ठिकानों पर दबिश दी गई। इस दौरान कंपनी के अकाउंट के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों को जब्त किया गया है। कई महत्वपूर्ण कागज वे अपने साथ ले गए हैं। अभी अफसरों ने कई महत्वपूर्ण खुलासे नहीं किए हैं। बुधवार को की गई कार्रवाई में एबीस ग्रुप की करीब 20 कंपनियों में जांच के दौरान फर्जी कंपनी का भांडा फूटा है। यहां से तीन करोड़ रुपए, सात लॉकर के साथ बोगस बिल भी बरामद किया गया है। राजनांदगांव के लोकल अफसर इस छापे में शामिल नहीं रहे। कंपनी का पोल्ट्री, दूध, तेल, सालवेंट और राइस से जुड़ा बड़ा कारोबार है। लंबे समय से यहां आईबी ग्रुप का व्यवसाय चल रहा है। ग्रुप में आर्थिक अनियमितता का एक बड़ा खुलासा होने के बाद कार्रवाई को दूसरे दिन भी जारी रखा गया।
डायरी खाते की जांच
दफ्तरमें मिले कई महत्वपूर्ण डायरियों को खंगाला गया है। साथ ही उनके खातों की भी जांच विभागीय अफसर कर रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि इस जांच-पड़ताल में और भी कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। बोगस बिल बनाकर आयकर की चोरी करने के मामले को विभागीय अफसरों ने गंभीरता से लिया है।