धम्म समारोह कल तैयािरयां हुई पूरी
एम्बस-प्रबुद्धभारत संघ छत्तीसगढ़ द्वारा राजनांदगांव के अंबागढ़ चौकी में विशाल धम्म दीक्षा समारोह का आयोजन 16 दिसम्बर को किया जा रहा है। जिसमें हजारों की संख्या में लोग बौद्ध धम्म की दीक्षा लेंगे। कई महिनों की तैयारी के बाद इस विशाल दीक्षा समारोह की तैयारी पूरी कर ली गई है।
संघ के मुखिया नरेन्द्र बन्सोड़ ने बताया कि डॉ. बाबा साहब आंबेडकर के महापरिनिर्वाण के बाद यह पहला दीक्षा समारोह है जिसमें हजारों की संख्या में लोग बौद्ध धम्म की दीक्षा लेंगे। उन्होंने बताया कि संघ बाबा साहब आंबेडकर के बौद्धमय भारत बनाने के सपने को पूरा करने का काम कर रहा है। उन्होंने इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि 16 दिसम्बर 1956 को बाबासाहब आंबेडकर 10 लाख लोगों को बौद्ध धम्म की दीक्षा देने वाले थे किंतु इस तिथि के पूर्व उनका महापरिनिर्वाण हो गया। बाबा साहब की इस चाहत को पूरा करने के लिए एम्बस प्रबुद्ध भारत संघ 16 दिसम्बर को धम्म दीक्षा का विशाल आयोजन कर उनके सपनों के भारत के निर्माण करने की कड़ी में तीसरा बड़ा आयोजन छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित कर रहा है। धम्म दीक्षा समारोह की विधिवत तैयारी पूरी कर ली गई है। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव सहित अन्य जिलों के साथ-साथ अन्य प्रदेशों के लोग भी इस कार्यक्रम में स्वेच्छा से दीक्षा ले रहे है।
आयोजन स्थल क्रिकेट ग्राउंड, अंबागढ़ चौकी सज-धजकर तैयार हो गया है। बड़े-बड़े स्वागत तोरण द्वारों से राजीव गांधी चौक से लेकर क्रिकेट ग्राउंड को सजाया गया है। दीक्षा कार्यक्रम के लिए भव्य स्टेज ग्राउंड पूरी तरह से सज-धज कर तैयार हो गया है। आयोजकों ने बताया कि विभिन्न राज्यों से बौद्ध भदंत सभी बौद्ध अनुयायियों को बौद्ध धम्म की दीक्षा देंगे। दीक्षा में उपस्थित लोग डॉ. बाबा साहब आंबेडकर द्वारा रचित 22 प्रतिज्ञा लेंगे। कार्यक्रम के लिए सभी आवश्यक कार्यवाहियों को पूर्ण कर लिया गया है। आंगुतकों के रहने-ठहरने कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है।