रोका गया वेतन और बीआरसी बर्खास्त
जिलालोक शिक्षा समिति एवं शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक बुधवार को कलेक्टर अशोक अग्रवाल की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभा कक्ष में संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने बीईओ राजनांदगांव एमएल ठाकुर को पूर्व में दिए गए निर्देश के बावजूद पढ़ेगा राजनांदगांव बढ़ेगा राजनांदगांव अभियान का ब्लॉक में क्रियान्वयन की रूपरेखा प्रस्तुत नहीं करने तथा कर्तव्य में घोर लापरवाही बरतने के कारण एक वेतन रोकने के निर्देश दिए। राजनांदगांव के बीआरसी दिलीप रंगारी को बैठक में प्रजेंटेशन प्रस्तुत नहीं करने तथा लगातार कर्तव्य में घोर लापरवाही एवं उदासीनता बरतने के साथ ही सौंपे गएकार्यों को समय पर निर्वहन नहीं करने के कारण उन्हे सेवा से बर्खास्त करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी बीएल कुर्रे को दिए।
बैठक में कलेक्टर अग्रवाल ने विकासखंडवार बीईओ, बीआरसी के कार्यों की समीक्षा करते हुए अध्यापन में नवाचार तथा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक स्कूलों में शुद्ध पेयजल, विद्युतीकरण एवं शौचालयों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इस दौरान अफसर मौजूद रहे।
खैरागढ़ की सराहना
बैठकमें सीईओ जिला पंचायत डॉ. प्रियंका शुक्ला ने पढ़ेगा राजनांदगांव, बढ़ेगा राजनांदगांव के अंतर्गत शिक्षा में गुणवत्ता सुधार तथा नवाचार के प्रेजेंटेशन की विकासखंडवार समीक्षा की। चौकी खैरागढ़ के विकासखंड स्त्रोत समन्वयकों द्वारा बनाए पावर पाईंट प्रजेंटेशन की सराहना करते हुए प्रत्येक विकासखंड से आगामी बैठक में बेहतरीन पावर पाईंट प्रजेंटेशन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बर्खास्त होंगे शिक्षक
कलेक्टरने शासन स्तर से स्थानांतरित शिक्षकों, युक्तियुक्त करण के आदेश के पालन के संबंध में जानकारी लेते हुए बीईओ को आदेश का पालन करने के निर्देश दिए। शाला गणवेश के वितरण की जानकारी ली। उन्होंने लंबे समय से अनुपस्थित शिक्षकों को नोटिस जारी कर सेवा से बर्खास्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने निलंबित शिक्षकों की सूचि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निलंबित शिक्षकों को बहाली के उपरांत पूर्व में पदस्थ संस्था में पदस्थ नहीं करने के निर्देश दिए।