- Hindi News
- अधूरे निर्माण पर सांसद ने काटा फीता, परमालकसा में बढ़ा विवाद
अधूरे निर्माण पर सांसद ने काटा फीता, परमालकसा में बढ़ा विवाद
परमालकसामें रविवार को निर्माण सांसद अभिषेक सिंह 13 विकास कार्यों के लोकार्पण के लिए पहुंचे थे। सुबह करीब 11 बजे कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जहां शाला विकास समिति के अध्यक्ष के नाम पर विवाद हुआ वहीं हाईस्कूल और मिडिल स्कूल के अतिरिक्त कमरा का अधूरा निर्माण होने के बावजूद उसका लोकार्पण कराने पर विवाद गरमा गया। ग्रामीणों की आपत्ति थी कि जब निर्माण पूरा नहीं हुआ है तो फिर लोकार्पण कराने का औचित्य क्या है।
रात तक इस मामले को लेकर गांव में माहौल बना हुआ था। ग्रामीणों की आपत्ति के बाद जब कई गुटों में विवाद शुरू हुआ तो वहां लालबाग थाने की पुलिस भी पहुंच गई। दोनों पक्षों को ले देकर पुलिस ने शांत कराया लेकिन रात तक गहमागहमी का माहौल गांव में बना रहा। बताया गया कि वहां शाला विकास समिति का कोई अध्यक्ष ही नहीं है और गांव के एक व्यक्ति ने उस पर जबरदस्ती अपना नाम लिखवा दिया था। सांसद सिंह ने सुबह विभिन्न विकास कार्यों का फीता काटा। इसके बाद वहां विवाद शुरू हो गया। पुलिस की मानें तो मामला शांत करा दिया गया था लेकिन विवाद की स्थिति बनी रही।
अभिषेक ने चौपाल लगाकर सुनी समस्याएं
सांसदअभिषेक सिंह आज के दिनभर के व्यस्त कार्यक्रम के बीच आज सुबह जीई रोड स्थित मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में चौपाल लगा ली। चौपाल में नांदगांव कवर्धा जिले के ग्रामीण क्षेत्र की जनता सहित नगर की जनता ने अपनी समस्या सुनायी। समस्या से संबंधित आवेदन भी दिए। अभिषेक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। आधे मामलों का मौके पर ही निपटारा किया, जबकि आधी समस्याओं को अपनी वेबसाइट पर नोट करवाने अपने अधीन अधिकारी-कर्मचारी को आदेशित किया। सांसद कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जनता कॉलोनी सांई नगर लखोली वार्ड 29 के निवासियों ने पक्की सड़क की मांग रखी। कुछ ने अपनी स्वास्थ्यगत समस्या बतायी। बहुतों ने आर्थिक सहायता के लिए आवेदन दिया। श्रमिक बाहुल वार्ड आवासविहीन लोगों ने राशन कार्ड एवं अटल आवास की भी मांग की। सांसद श्री सिंह सभी की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान भी किया।