दिनभर छाए रहे बादल, कम हुआ ठंड का असर
मौसमएक बार फिर करवट लेता दिख रहा है। गुरुवार को सुबह कोहरा छाया रहा है और दिनभर बादल छाए रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो-तीन दिनों में ठंड कम होने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि अभी तापमान 12.8 डिग्री तक पहुंच गया है। बादल छाए रहने के कारण ठंड अब नहीं बढ़ेगी। इसलिए तापमान में एक दो डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। ठंड का सीजन शुरू होते ही मौसम में उतार-चढ़ाव लगा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार अभी जिले का अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री दर्ज किया गया है। आमतौर पर ठंड के दिनों में तापमान इससे कम होता है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो ठंड बढ़ने के आसार काफी कम हो गए हैं, वहीं बादलों के छाने से भी ठंड नहीं पड़ रही है। कुछ दिनों तक इसी तरह का मौसम रहना बताया गया है। वैसे पहले मौसम विभाग ने दिसंबर की शुरुआत में ही ठंड बेहतर पड़ने की जानकारी दी थी और एेसा हुआ भी। बताया गया कि राजनांदगांव के अलावा पड़ोसी इलाकों में भी गुरुवार को बादल छाए रहे, इस कारण माैसम सभी जगहों पर तकरीबन एक जैसा ही रहा। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलेगा या फिर यथावत रहेगा। वैसे तापमान बढ़ने की संभावना अधिक है।
स्वास्थ्यपर भी पड़ रहा असर: मौसममें बदलाव होने का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। जिला अस्पताल और निजी क्लिनिकों में भी मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। डॉक्टरों की मानें तो इस मौसम का असर खासकर शिशुओं और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। क्योंकि मौसम के हिसाब से इनकी प्रतिरोधक क्षमता कम होती है।
ऐसे में यदि गर्म-ठंडा मौसम होता है तो वह कमजोरी पैदा करता है। इस कारण इस वर्ग के लोगों को मौसम को मद्देनजर रखते हुए एहतियात बरतना चाहिए। ताकि बीमारियों से बचा जा सकें। जिला अस्पताल में अभी सर्दी-खासी और वायरल के मरीज अधिक रहे हैं।
बदली की वजह से गुरुवार को ठंड का अहसास कम ही हुआ
प्रति चक्रवात के कारण मौसम बदला
मौसमविभाग के अनुसार झारखंड के ऊपर प्रति चक्रवात बना हुआ है। इस कारण हवाओं की दिशा भी बदल गई है। बताया गया कि पहले उत्तर-पश्चिमी हवाएं थी जो चक्रवात के कारण पूर्वी हो गई है। इस कारण नमी रही है और बादल छाए हुए हैं। इससे मौसम में बदलाव होना संभव है। आने वाले दिनों में भी मौसम ऐसा ही बने रहने की उम्मीद है। बताया गया कि इसका असर स्वास्थ्य पर पड़ेगा।
^हवाओं रूख बदला