युवाओं को मुहैया कराएं रोजगार: सीईओ
राजनांदगांव| जिलापंचायत सीईओ डॉ. प्रियंका शुक्ला ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला प्रशासन एवं जिले के उद्योगपतियों एवं औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधियों की बैठक ली। बैठक में सीईओ जिला पंचायत डॉ. शुक्ला ने सभी औद्योगिक संस्थानों में जिले के प्रशिक्षित नवयुवकों को अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मुहैया कराने के निर्देश दिए। जिले के नवयुवकों को तकनीकी रूप से प्रशिक्षित करने के लिए डोंगरगांव में स्किल गुरूकुल की स्थापना की गई है। स्किल गुरूकुल डोंगरगांव में आईआईटी प्रशिक्षितों के द्वारा नवयुवकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सीईओ जिला पंचायत ने जिले के प्रशिक्षण संस्थाओं में वोकेशनल ट्रेनिंग प्रोवाईडरों के द्वारा गुणवत्ता युक्त प्रशिक्षण प्रदान किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने औद्योगिक संस्थानों को आश्वस्त किया कि उन्हें पूर्ण रूपेण प्रशिक्षित नवयुवक प्रदान किया जाएगा।