विजिलेंस टीम ने पकड़ी बिजली चोरी
बकाया वसूलने बिजली विभाग चला रही अभियान।
भास्करन्यूज | सक्ती
विद्युत मण्डल सक्ती की विजिलेंस टीम द्वारा बकाया बिल वसूली के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान बिजली चोर पकड़े जा रहे हैं।
इसी कडी में मालखरौदा क्षेत्र में कई स्थानों पर दबिश देकर बिजली चोरी के मामलों का पर्दाफाश किया गया। क्षेत्र में मीटर से छेड़छाड़ समेत अन्य तरीकों से बिजली चोरी की जा रही है, जिससे विभाग को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है। डायवोर्ट के माध्यम से मीटर को धीमा कर दिया जाता है और जितना विद्युत खपत होता है, उससे आधा ही मीटर में उल्लेख होता है। इसी तरह से कुछ उपभोक्ताओं द्वारा मीटर बाइपास कर उपयोग किया जाता है। सक्ती संभाग के अंतर्गत सभी वितरण केन्द्रों में विजिलेंस टीम द्वारा इसकी जांच पड़ताल की जा रही है। इसी कड़ी में मालखरौदा विद्युत वितरण केन्द्र के गांव कलमी में जब टीम जांच के लिए हीरालाल साहू के घर में पहुंची दी विद्युत कनेक्शन में छेड़छाड़ पाया गया। उसने 1330 वॉट बिजली चोरी की थी। इसी तरह देवनारायण साहू के घर के विद्युत कनेक्शन की भी जांच की गई तो 2460 वॉट बिजली चोरी पकड़ी गई।
मालखरौदा के वीरभांठा में अमृतलाल गबेल के यहां 2853 वॉट की बिजली चोरी पकड़ी गई। सभी के खिलाफ विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत प्रकरण दर्ज कराई गई है। अभियान के दौरान 86700 रुपए की बकाया राशि वसूली की गई। इस जांच अभियान में सहायक यंत्री अंशु वार्ष्णेय, एचके प्रधान एवं कनिष्ट यंत्री जी. जनार्दन, कु. प्रीति ज्योति लकड़ा तथा मालखरौदा फ्रन्चाईजी के स्टाफ शामिल थे। इस संबंध में कार्यपालन यंत्री सक्ती विद्युत मण्डल आर. देयासी ने बताया कि सक्ती संभाग के अंतर्गत सभी बकायादार उपभोक्ताओं को नोटिस जारी की जा रही है। जांच अभियान आगे भी जारी रहेगी। विद्युत चोरी करते पकड़े जाने पर उपभोक्ताओं के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई जा रही है।