नवापारा से बरभाठा घोघरी मार्ग बदहाल
दलदली कीचड़ में तब्दील हुआ मार्ग, सड़क पर चलना हुआ मुश्किल
छपोरा (सक्ती). जनपदपंचायत मालखरौदा मुख्यालय को शार्टकट से जोड़ने वाले पहुंच मार्ग नवापारा से बरभाठा घोघरी की हालत बरसात में बदतर हो चुकी है।
इस मार्ग पर वर्तमान में पैदल चलना भी दूभर हो रहा है। वर्ष 1993-94 में इस कच्चे पहुंच मार्ग का निर्माण ग्राम पंचायत के माध्यम से किया गया था। वर्ष 1997-98 में मिट्टी मुरूम डालकर पुलिया का निर्माण तोे कर लिया गया लेकिन उसके बाद इस मार्ग को डब्ल्यूबीएम नहीं किया गया। ब्लाक मुख्यालय पहुंचने का शॉर्टकट रास्ता होने के कारण ग्राम घोघरी, बासीन, बरपाली, देवगांव, बिलईगढ़ सहित दर्जन भर से भी अधिक गांवों के लोग सालभर इस मार्ग से आवाजाही करते है। जैसे ही बरसात का मौसम आता है इस पर आवाजाही बंद हो जाती है और लोग करीब दस किमी की अधिक दूरी तय कर मालखरौदा मुख्यालय पहुंचते हैं। इस संबंध में चंदन सिंह नेताम, सियाराम खुंटे, राजाराम लहरे ने बताया कि क्षेत्रीय विधायक युद्धवीर सिंह जूदेव , मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारी तथा जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष राजू साहू को इस मार्ग की दयनीय हालत से अवगत करा चुके हैं लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं निकाला जा सका है।