- Hindi News
- अव्यवस्था के बीच गांवों में लगा रहा आधार कार्ड कैंप
अव्यवस्था के बीच गांवों में लगा रहा आधार कार्ड कैंप
यूडीआईएईयोजना के तहत केन्द्र सरकार ने प्रत्येक व्यक्ति का आधार कार्ड बनाने की योजना प्रारंभ की है। इसमें 5 वर्ष से अधिक के बालक से लेकर वयोवृद्ध तक का कार्ड बनना है।
शासन की योजना का लाभ लेने के लिए अब प्रत्येक व्यक्ति के लिए पहचान पत्र के रूप में आधार कार्ड की आवश्यकता है। इस वजह से इस कार्ड की उपयोगिता बढ़ गई है। क्षेत्र के गांवों में कार्ड बनाने के लिए शिविर लगाए जा रहे हैं लेकिन शिविर स्थलों में अव्यवस्था का आलम है। सक्ती ब्लाक अंतर्गत ग्राम पंचायत सकरेली बाराद्वार के आश्रित ग्राम केसला में विगत दो दिनों से आधार कार्ड का शिविर लग रहा है।
सड़क पारा केसला के बाद 11 दिसंबर को गांव के अंदर स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र में आधार कार्ड का शिविर लगा , जहां कार्ड बनवाने के लिए ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा। बैठक व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था पेयजल की कमी के चलते ग्रामीणों को बड़ी परेशानी उठानी पड़ी। कार्ड बनाने के लिए आंगनबाड़ी भवन में सैकड़ों लोगों ने पसीना बहाया लेकिन देर शाम तक अधिकांश का कार्ड नहीं बन सका। जानकारी के मुताबिक कार्ड बनाने वाले कर्मचारी शाम के बाद घर-घर जाकर कार्ड बनाते रहे इसके एवज में ग्रामीणों से पैसे लिए गए। शिविर में आधार कार्ड के संबंध में ग्रामीणों को सही जानकारी देने के लिए कोई सक्षम अधिकारी भी उपस्थित नहीं होते।
आधार कार्ड के लिए पंजीयन कराने के बाद कई ग्रामीणों को आधार कार्ड प्राप्त ही नहीं हो पा रहा है, इससे आधार कार्ड बनाने में लापरवाही का अंदाजा लगाया जा सकता है। विशिष्ट पहचान पत्र नहीं मिलने से अधिकांश ग्रामीणों में इस योजना को लेकर रोष देखा जा रहा है। अधिकांश ग्रामीणों के अनुसार उन्होंने अपने महत्वपूर्ण कामकाज को दरकिनार कर परिवार सहित केन्द्रों में जाकर आधार कार्ड के लिए बायोमैट्रिक्स पंजीयन कराया था लेकिन कई माह बीतने के बाद भी पहचान पत्र घर तक नहीं पहुंचा है।