- Hindi News
- वार्डों के आरक्षण तिथि को बदलने से बढ़ी भावी प्रत्याशियों की बेचैनी
वार्डों के आरक्षण तिथि को बदलने से बढ़ी भावी प्रत्याशियों की बेचैनी
सक्ती|नगर पालिकासक्ती के वार्ड पार्षदों के लिए आरक्षण 18 सितंबर को तय था लेकिन उक्त तिथि में जिला मुख्यालय में बड़ा आयोजन होने से इसे आगे बढ़ाकर 25 सितंबर कर दिया गया है। तिथि बढ़ने के साथ ही भावी प्रत्याशियों की बेचैनी भी बढ़ गई है। वार्डों में भ्रमण करने वाले भावी प्रत्याशी पूजा पाठ में भी लगे हुए हैं जो कि अपने अनुसार आरक्षण होने की मनौती मांग रहे हैं। नगरीय निकाय चुनाव को लेकर सक्ती शहर के 18 वार्डों के लिए 25 सितंबर को होने वाले आरक्षण पर वर्तमान पार्षदों सहित चुनाव लड़ने की तैयारी में लगे अन्य दावेदारों की नजर है। आरक्षण के बाद नगर सरकार की तस्वीर साफ हो जाएगी। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार नगर पालिका सक्ती में वार्डों के आरक्षण का कार्य 25 सितंबर को होना है। कर्मचारियों को इसके लिए प्रशिक्षण भी दे दिया गया है। इससे पहले संभावित दावेदार वार्ड स्तर पर अपनी पकड़ बनाने में लगे हुए हैं। भावी पार्षद प्रत्याशी संभावित आरक्षण का आंकलन कर अपने लिए बेहतर माने जाने वाले वार्डों में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। आरक्षण होते ही तय वार्ड में अघोषित प्रचार का दौर प्रारंभ हो जाएगा। नगर पालिका सक्ती में समस्या लेकर आने वाले लोगों के साथ संभावित पार्षद के दावेदार भी नजर आने लगे हैं। काम कराने तक की बात कही जा रही है।
वही 18 वार्डों में से महिलाओं के लिए आरक्षण होना है। ऐसे में महिला नेत्रियां भी सक्ती के विभिन्न वार्डों में सक्रिय हैं। भाजपा कांग्रेस में दावेदारों की लंबी फेहरिस्त है। इसमें टिकट मिलने पर निर्दलीय लड़ने की भी समानांतर तैयारी की जा रही है।
-------