सचिवों की हड़ताल आज से
सक्ती|ग्राम पंचायतसचिवों द्वारा 11 फरवरी से पूरे राज्य में क्रमबद्ध अनिश्चितकालीन आंदोलन करने का निर्णय लिया गया है। आंदोलन 11 फरवरी से करने का फैसला इसलिए लिया गया है क्योंकि इसी दिन के पंचायतों में प्रथम सम्मिलन आयोजित किए जाने की शासन- प्रशासन की तैयारी है। ग्राम पंचायतों में कार्यरत सचिव अपने लंबित मांगों का निराकरण नहीं होने के कारण 11 फरवरी से अनिश्चितकालीन काम बंद हड़ताल पर रहेंगे।
हड़ताल की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। सचिवों का कहना है कि 2014 में रैली निकालकर सचिवों की लंबित मांगों का निराकरण करने की मांग सीएम से की गई थी लेकिन आज तक इस दिशा में पहल नहीं की गई। प्रमुख मांगों में निजी खाते में वेतन भुगतान करने, सहायक आंतरिक करारोपण अधिकारी के पद पर 100 फीसदी पदोन्नति करने, पूर्वकालीन पेंशन, 5 लाख का बीमा लाभ , चतुर्थ श्रेणी के पद पंचायत विभाग में स्वीकृत करते हुए सचिवों के परिवार के न्यूनतम योग्यता वाले को अनुकम्पा नियुक्ति के अलावा वेतनमान बढ़ाने की मांग शामिल है। सचिवों की हड़ताल से 11 फरवरी को होने वाला ग्राम पंचायतों का प्रथम सम्मिलन और 23 फरवरी को होने वाले उप सरपंच के निर्वाचन के सम्मिलन का कार्य प्रभावित हाे इसलिए कलेक्टर ने जनपदों के सीईओ को सचिव के कार्य संपादन के लिए छग. पंचायतराज अधिनियम 1993 के प्रावधानों का पालन करते हुए वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
करारोपण अधिकारी, विकास विस्तार अधिकारी, सहायक विस्तार अधिकारी, कृषि विस्तार अधिकारी, प्रधान पाठक की वैकल्पिक व्यवस्था करने को कहा गया है।
------------