कहीं जरूरत से अधिक तो कहीं कम शिक्षक
छपोरा (सक्ती)|ब्लाक केस्कूलों में शिक्षकों की पदस्थापना छात्र-छात्राओं की दर्ज संख्या के आधार पर नहीं होने से शिक्षण व्यवस्था में बाधा उत्पन्न हो रही है। किसी विद्यालय में छात्र-छात्राओं की तादात कम है तो शिक्षक ज्यादा है जबकि किसी विद्यालय में छात्र-छात्राओं की तादात ज्यादा है और शिक्षक नहीं के बराबर है।
मिडिल स्कूल खेमड़ा में बालक-बालिकाओं की दर्ज संख्या 102 है यहां मात्र दो शिक्षक ही पदस्थ हैं, जिससे कोर्स पूरा करने से लेकर कार्यालयीन कामकाज को लेकर बड़ी दिक्कत हो रही है। मिडिल स्कूल बड़ेकोट में बालक-बालिका की दर्ज संख्या 30 है लेकिन यहां चार शिक्षक पदस्थ हैं। इसी प्रकार मिडिल स्कूल कनईडीह में 25 दर्ज संख्या के पीछे 3 शिक्षक पदस्थ हैं। मिडिल स्कूल चांटीपाली में 65 बच्चों के पीछे 5 शिक्षक पदस्थ हैं। इस संबंध में ग्राम खेमड़ा निवासी परमानंद साहू ने बताया कि गांव के स्कूल में 102 बच्चों के पीछे महज 2 शिक्षक की पदस्थापना कर शिक्षा विभाग अपनी जिम्मेदारी पूरा कर रही है जो कि उचित नहीं है। गांव के स्कूल में शिक्षक व्यवस्था करने बीईओ केआर मैत्री के अलावा टोल फ्री पर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में शिकायत भी दर्ज कराईजा चुकी है।
लेकिन समस्या का हल नहीं निकल पा रहा है। ऐसे में शिक्षा विभाग के लिए स्कूलों की दर्ज संख्या के आधार पर जरूरत के मुताबिक शिक्षकों की व्यवस्था करने गंभीरता दिखानी होगी।