एसडीएम के आश्वासन पर टला चक्काजाम
मालखरौदा|ग्राम पंचायतमालखरौदा के सरपंच के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन किया। जनपद पंचायत मालखरौदा के सामने पिछले 7 दिन से क्रमिक धरना प्रदर्शन किया जा रहा था। ग्रामीणों ने 15 सितंबर को चक्काजाम करने की तैयारी की थी लेकिन 14 सितंबर की रात एसडीएम ने आंदोलन समाप्त करा दिया। एसडीएम द्वारा दिए गए कार्रवाई के आश्वासन पर आंदोलन समाप्त हुआ।
मालखरौदा सरपंच पर अनियमितता का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों द्वारा धरना प्रदर्शन किया जा रहा था। सरपंच द्वारा कराए गए काम की जांच और रोजगार गारंटी योजना में भुगतान मे हो रही देरी मे से परेशान होकर यह आंदोलन किया जा रहा था। धरना प्रदर्शन के सात दिन बाद भी इस दिशा में कोई पहल होने से नाराज होकर ग्रामीणों ने 15 सितम्बर को बीरभांठा चौक मे चक्का जाम करने का बाह्वान किया था। इसकी सूचना प्रदर्शनकारियों द्वारा अधिकारियों को भी दी गई। सक्ती एसडीएम शिवअनंत तयाल 14 सितंबर की रात करीब 11 बजे धरना स्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी। एसडीएम ने आश्वासन दिया और कहा कि ग्रामीणों के शिकायत की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। यह जांच दल नायब तहसीलदार मालखरौदा के अधीनस्थ निरीक्षण करेगा। इस माह के अंत तक जांच पूर्ण कर लिया जाएगा अगर जांच के दौरान अनियमितता पाई गई तो संबंधित के खिलाफ कार्यवाही होगी। एसडीएम के आश्वासन पर इस नागरिकों ने 15 सितंबर को प्रस्तावित चक्काजाम नहीं करने का भरोसा दिया और धरना प्रदर्शन भी समाप्त कर दिया। बाद में ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जितेन्द्र विजय बहादुर, मोहनमणी जाटवर, वृंदा लाल धीवर सहित अन्य सभी प्रदर्शनकारियों ने मालखरौदा नायब तहसीलदार सुधीर खलको और थाना प्रभारी केएल यादव को भी 15 सितंबर को सुबह एसडीएम से प्राप्त लिखित पत्र और अपने ज्ञापन को सौंपा