गर्म कपड़ों की मांग बढ़ी
भास्कर न्यूज . सराईपाली(शहर)
अब ठंड ने दस्तक दे दी है। लोग सुबह शाम गरम कपड़ों में बाहर निकल रहे हैं। ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। सूर्योदय का लोग बेसब्री से इंतजार करते हैं। सुबह की धूप की ताजगी लेने के लिए जीव जंतु भी पीछे नहीं है।
सुबह 8 बजे तक ठंड का असर ज्यादा रहता है और शाम को 7 बजे के बाद ही ठंड लग रही है। इसे देखते हुए शहर में गरम कपड़ों की मांग बढ़ने लगी है। लोग शाल स्वेटर पहनकर निकलने लगे हैं। ठंड बढ़ने के साथ ही सुबह पैदल चलने वालों का समय भी बढ़ने लगा है। कुछ दिनों से धीमी-धीमी ठंडी हवा चलने से दिन के वक्त भी लोग गरम कपड़े पहनकर निकल रहे हैं। विभिन्न गरम कपड़ों के उपयोगिता के बावजूद भी लोग सुबह धूप तापना पसंद कर रहे हैं। यहां तक की मवेशियों को भी धूप निकलने के बाद ही बाहर निकालकर उनके चारे आदि का प्रंबंध किया जा रहा है। ठंड की वजह से शहर के दुकानों में भी गर्म कपड़ों की मांग बढ़ गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग पारम्परिक रजाई का उपयोग ठंड से बचने के लिए करते थे लेकिन बदलते परिवेश में फैंसी कम्बलों की मांग बढ़ गई है। कई तरह के आकर्षक डिजाइनर कंबल लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।