हाईवे पर स्पीड ब्रेकर की मांग
राष्ट्रीयराजमार्ग शहरी क्षेत्र में बढ़ रहे दुर्घटनाओं को देखते हुए सराईपाली के जनप्रतिनिधियों द्वारा एक बार फिर ब्रेकर बनाने को लेकर स्थानीय आरक्षी केन्द्र में जाकर ज्ञापन सौंपा। विगत दिनों हुए हादसे को लेकर नगरवासी भी परेशान हैं।
तेज रफ्तार ट्रकों की वजह से होने वाले दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ब्रेकर बनाने हेतु प्रशासन से मांग की गई है। शहरी क्षेत्र में सड़क की स्थिति अभी अच्छी होने से वाहनों की गति भी तेज हो रही है। जिसे रोकने के लिए ब्रेकर बनाना आवश्यक हो गया है। उल्लेखनीय है कि विगत दिनों जयस्तंभ चाैक, अग्रसेन चाैक एवं बैतारी मेें हुए सड़क दुर्घटना के चलते गंभीर हादसे हो चुके हैं तथा जाने भी जा चुकी है। इसलिए गति अवरोधक की बेहद आवश्यता है। घण्टेश्वरी से लेकर झिलमिला चेकपोस्ट तक यातायात का दबाव हर वक्त बना रहता है। वाहनों की तेज रफ्तार से हर समय कई तरह के खतरे मंडरा रहे हैं। बस स्टैण्ड से लेकर संतोषी मंदिर तक यातायात का सबसे अधिक दबाव रहता है इसके अलावा घण्टेश्वरी से लेकर चेकपोस्ट तक कई प्राइवेट एवं शासकीय स्कूल सड़क किनारे होने के कारण स्कूली विद्यार्थियों को हमेशा खतरा बना रहता है। विद्यार्थियों के पालकगण भी इसके लिए खासे चिंतित रहते हैं। वर्तमान में शादी सीजन का समय भी प्रारंभ हो गया है। जिससे आए दिन बाजार में भीड़ लगी रहती है। इन दिनों शहर में आवाजाही अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक होती है। स्कूल प्रारंभ होने एवं छुट्टी के समय स्कूली बच्चों की एक बड़ी संख्या राष्ट्रीय राजमार्ग से होकर गुजरती है। वाहनों की लापरवाही एवं तेज गति के चलने से आए दिन खतरा बना रहता है। अधिकतर प्राइवेट एवं शासकीय विद्यालय तथा महाविद्यालय सड़क के किनारे पर ही स्थित हैं। कुछ समय पहले शहर के कई स्थानों पर यातायात नियंत्रण करने के लिए सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाए गए थे लेकिन ब्रेकर कुछ जगहों पर इस तरह से बनाए गए थे कि छोटे मोटे वाहनों को परेशानी होने लगी थी। बारिश के बाद जब सड़क के रिपेयरिंग के लिए डामर की परत चढ़ाई गई तब से वो ब्रेकर गायब हो चुके हैं। अब आए दिन घटते दुर्घटनाओं के चलते फिर से स्पीड ब्रेकरों की आवश्यता महसूस की जा रही है। इसके लिए एक बार फिर शहर के कई संगठनों द्वारा स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग प्रशासन से की है।
इसमें ज्ञापन देने वाले नागरिकों में प्रमुख रुप से ब्लाॅक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमृत पटेल, जिला भाजपा उपाध्यक्ष राजेन्द्र विपिन उबोवेजा, मनमीत सिंह आहूजा, भाजपा नेता भूपेश सलूजा, आम आदमी पार्टी के सदस्य केसरी नंदन सेन, शेख रियाज, पार्षद हरदीप सिंह रैना, पार्षद अरविंद प्रधान, आम आदमी पार्टी के संयोजक आशिक हुसैन आदि व्यापारीगण एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।