- Hindi News
- झुलसी महिला के पोस्टमार्टम के लिए भटकते रहे परिजन
झुलसी महिला के पोस्टमार्टम के लिए भटकते रहे परिजन
हिरमीनिवासी मंजू साहू (21) की रविवार की सुबह 6 बजे जलने से मौत हो गई। इसके बाद महिला के परिजनों को शव के पोस्टमार्टम के लिए स्वास्थ्य केंद्रों में दर-दर भटकना पड़ा। इसके चलते मृतक के शव का पोस्टमार्टम रविवार को नहीं हो पाया। मौत के 26 घंटों के बाद मृतका का पोस्टमार्टम भाटापारा में किया गया। इतने विलंब से शव का पोस्टमार्टम करने को लेकर मृतक के परिजनों ने रोष जाहिर किया है।
मृतका के परिजन मुकेश साहू, त्रिलोचन साहू, नेतराम साहू, खुमान साहू ने बताया कि मृत्यु की रिपोर्ट सुहेला थाने में दर्ज कराई गई। सुहेला स्वास्थ्य केंद्र में महिला डाक्टर नहीं होने के कारण शव को पोस्टमार्टम के लिए रविवार की शाम भाठापारा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां 26 घंटे के बाद पोस्टमार्टम किया गया। इसके पश्चात शव को सीलबंद करके रायपुर भेजा गया है। शासकीय चिकित्सालय भाटापारा के बीएमओ राजेश अवस्थी का कहना है यह प्रकरण काफी गंभीर था। उसके दोनों पैर अलग हो गए हैं और भी कई स्थानों पर जलने के निशान थे। फॉरेंसिक विभाग का डायरेक्टर मेडिकल कालेज रायपुर में हैं। वहां इसके फॉरेंसिक विशेषज्ञ आरके सिंह इसका पुन: पीएम करेंगे। भाटापारा में महिला चिकित्सक डा. अनिता वर्मा, राजेंद्र महेश्वरी ने शव का पोस्टमार्टम किया।
शव के पोस्टमार्टम में विलंब को लेकर परिजनों ने रोष जाहिर किया है। भाटापारा अस्पताल प्रबंधन का कहना था कि मामला दूसरे स्वास्थ्य केंद्र का होने के कारण डाक्टरों ने आला अधिकारियों से परामर्श करने के बाद पोस्टमार्टम करने की बात कहकर रविवार को पोस्टमार्टम नहीं किया।
भाटापारा. पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल परिसर में भटकते परिजन।