पुलिस चौकी की मांग
हिरमी | जनपदपंचायत सिमगा की सामान्य सभा की गत दिवस हुई बैठक में कई विषयों पर विचारा तथा हिरमी में पुलिस चौकी खोलने की मांग की गई और प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक की अध्यक्षता अदिति बघमार अध्यक्ष जपं ने की। एजेंडे के अनुसार सबसे पहले कृषि विभाग, सहकारिता,उद्यानिकी, मत्स्य, बिजली, शिक्षा, महिला बाल विकास विभाग, पीडब्लूडी आदि विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की जानकारी दी, सदस्यों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब दिया। कृषि विभाग अधिकारी पीके नेताम ने फसलों पर लगने वाले रोग उनके बचाव के उपाय की जानकारी दी। जिला सहकारी बैंक शाखा भटभेरा, हतबंध, सिमगा के मैनेजरों को धान खरीदी के लिए किसानों का पंजीयन समय रहते करने को कहा गया।बैठक में सदस्यों ने महिला बाल विकास अधिकारी के लंबे समय से बैठक में भाग नहीं लेने का आरोप लगाया।
इस पर जपं अध्यक्ष बघमार ने बाल विकास अधिकारी को 23 सितंबर को बैठक रखने के लिए निर्देशित किया। अन्य विषयों पर चर्चा के दौरान सभापति अनुपम अग्रवाल ने सुहेला से हिरमी मार्ग के क्षतिग्रस्त होने का मुद्दा उठाया और कहा कि मार्ग का निर्माण छह माह पहले ही हुआ है फिर इतनी जल्दी क्षतिग्रस्त कैसे हो गई। इस पर विभाग को कार्यवाही के लिए लिखने का प्रस्ताव पारित किया गया।
इसके बाद श्री अग्रवाल ने हिरमी क्षेत्र में लगातार हो रहे अपराध का जिक्र करते हुए हिरमी में पुलिस चौकी खोलने की मांग की तो इस पर पुलिस विभाग को उचित कार्यवाही के लिए पत्र लिखने का प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक का संचालन मुख्य कार्यपालन अधिकारी पंकज देव ने किया। बैठक में प्राणनाथ वर्मा, कुलदीप सलूजा, रामदयाल साहू, रमेशर साहू, भुनेश्वर वर्मा, भानुप्रताप पाटिल, मोहन लाल गायकवाड़, भाग्यलक्ष्मी त्रिवेदी, तुकेश्वरी वर्मा, श्रद्धा यदु, पुष्पा देवी वर्मा आदि सद्स्य मौजूद थे।