लाश की हुई शिनाख्त
सुहेला| खपराडीहअल्ट्राटेक सीमेंट रावन मार्ग पर गत शुक्रवार रात को मिली लाश की पहचान अर्जुनी निवासी संजय वर्मा के रूप में की गई है।
भास्कर में खबर प्रकाशित होने के बाद 11 दिसंबर को घर से निकले उक्त युवक के परिचित परिजन शनिवार की सुबह घटनास्थल पहुंचे। शुक्लाभाठा बलौदाबाजार के ललित वर्मा, भाटापारा के रोहित वर्मा, अर्जुनी के रूपेश एवं धर्मेंद्र वर्मा ने थाना प्रभारी एचएस यादव के समक्ष शव की पहचान 35 वर्षीय संजय वर्मा पिता शुभवर्ण वर्मा के रूप में की। सुहेला पुलिस भी गंभीरता से शव की शिनाख्त के लिए प्रयास कर रही थी। युवक बेरोजगार था और 11 दिसंबर की सुबह 11 बजे से सिक्यूरिटी गार्ड की नौकरी की तलाश के नाम पर घर से निकला था। परंतु घटना स्थल तक कब, कैसे और किसके साथ पहुंचा। यह अभी जांच का विषय है। सुहेला थाना प्रभारी श्री यादव ने बताया कि शव की पहचान, पंचनामा पोस्टमार्टम के उपरांत उसके परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के कारण की जांच की जा रही है।