- Hindi News
- बालूद में स्त्रियों को देवी का प्रसाद ग्रहण करने की मनाही
बालूद में स्त्रियों को देवी का प्रसाद ग्रहण करने की मनाही
प्रसाद तक को घर लेकर जाने की भी मनाही है।
भास्करन्यूज| दंतेवाड़ा
जिलामुख्यालय से लगे गांव बालूद में जंगल में विराजी देवी घाट बंजारिन का प्रसाद ग्रहण करना महिलाओं के लिए वर्जित है। इतना ही नहीं इस त्रिवर्षीय जात्रा(मेला) स्थल पर महिलाओं के प्रवेश पर भी पूरी तरह पाबंदी है।
चढ़ावे में आई चीजों को प्रसाद के तौर पर ग्रहण करने के लिए ग्रामीण मौके पर ही अपनी रसोई तैयार करते हैं, और भोजन के बाद फिर से देवी स्थल पर जुटते हैं। प्रसाद तक को घर लेकर जाने की भी मनाही है। आयोजन में सिर्फ देवी दंतेश्वरी को राजदेवी और बालपेट की गंगनादेई माता को पल्ली देवी की हैसियत से आमंत्रित किया जाता है। नजदीक ही अलग-अलग पेड़ के नीचे माड़काराज देव और द्वारपाल को भी चढ़ावे से सम्मानित करते हैं। जात्रा में इस्तेमाल होने वाली पारंपरिक बाजा मोहरी वाद्य को महुए की शराब का तर्पण दिया जाता है।
दंतेवाड़ा. देवी को चढ़ावा चढ़ाने जुटे ग्रामीण।
इसलिए महिलाएं वर्जित
बालपेटनिवासी भंडारी परिवार के लक्ष्मीनाथ का परिवार पीढ़ियों से देवी के पुजारी के तौर पर सेवा दे रहा है। जात्रा में पहुंचे अमर सिंह के मुताबिक उनके बुजुर्ग बताते हैं कि पूर्व में देवी का वास बालूद के कड़ाई तरई के नजदीक था। देवी का भोग प्रसाद पकाने में इस्तेमाल होने वाली लोहे की विशाल कढ़ाही अब भी तालाब के किनारे मौजूद है। किसी कारणवश महिलाओं से अपवित्र होने के चलते देवी ने अपना स्थान बदलकर बालूद के ही नाला किनारे स्थित सियाड़ी तने के नीचे अपना वास बना लिया। तब से महिलाओं बच्चियों का प्रवेश इस जगह पर वर्जित है।
इतना बड़ा आयोजन होने के बावजूद प्रशासन या वन विभाग की ओर से कोई इंतजाम नहीं किए जाते हैं। हैंडपंप नहीं होने के चलते ग्रामीण नजदीक बहने वाले बरसाती नाले के ठहरे हुए पानी का इस्तेमाल पीने और खाना पकाने में करते हैं। छोटे-झाड़ बड़े झाड़ का जंगल होने की वजह से ग्राम पंचायत भी यहां बाउंड्रीवॉल और पहुंच मार्ग का निर्माण नहीं हो पा रहा है।
16 गांव से जुटते हैं ग्रामीण
घाटबंजारिन देवी के स्थल पर जात्रा का आयोजन 16 गांव के ग्रामीण करते हैं। बगैर किसी प्रशासनिक मदद के ग्रामीण अपने चंदे से पैसे और अनाज इकट्ठा करते हैं। इन गांवांे में दंतेवाड़ा, फूलपदर, पंडेवार, हाऊरनार, गुमडा, बालपेट, बालूद, चितालूर, भैरमबंद, गीदम ब्लाॅक के फरसपाल, आलनार, कुआकोंडा ब्लॉक के पालनार पेंटा, सुकमा जिले के झलियारास, तालनार, बीजापुर जिले के मिंगाचल, केतुलनार शामिल हैं।