स्टार्टअप शुरू करने के लिए तकनीक के साथ आर्थिक मदद
शेखर झा रायपुर
केंद्र सरकार की टेक्नोलॉजी बिजनेस इंक्यूबेशन (टीबीआई) सेंटर प्रोग्राम के तहत प्रदेश में इसकी शुरुआत एक प्राइवेट कॉलेज से हो रही है। इसमें युवाओं की प्लानिंग को और बेहतर बनाने के साथ, उसे आगे बढ़ने के तौर-तरीके सिखाए जाएंगे। भिलाई स्थित कॉलेज की 4,500 वर्गफीट जमीन पर अलग से इसका इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। रायपुर में भी काउंटर होगा। इस सेंटर में कोई भी आइडिया शेयर कर सकता है। इस तरह की पहल अभी तक सिर्फ दक्षिण भारत के कुछ कॉलेजों में हुई है। कॉलेज के डायरेक्टर ने बताया कि इस सेंटर के खुलने से युवा अपने सपनों को साकार करने में सफल हो पाएंगे। अभी तक भारत के एक और विदेश के दो युवाओं के आइडियाज अप्रूव हुए हैं। दो महीने में सेंटर पूरी तरह से काम करने लगेगा। इसके बाद हर कोई अपने आइडिया का बेसिक कॉन्सेप्ट भेज सकेगा।
लाभ लेने के लिए करना होगा आवेदन
टीबीआई सेंटर से मदद लेने के लिए युवाओं को सबसे पहले रुबी (आरबीआई) की वेबसाइट पर आवेदन करना होगा। इसमें अपने आइडिया का बेसिक कॉन्सेप्ट शेयर करना होगा। उस आइडिया को टीबीआई के सदस्य देखेंगे। इसके बाद ही आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यह पूरी तरह से फ्री होगा। फिलहाल रुबी (आरबीआई) की वेबसाइट का काम चल रहा है, जो दो महीने में तैयार हो जाएगा।
इनोवेटिव वर्क को मिलेगा बढ़ावा
 अब प्रदेश के युवाओं के इनाेवेटिव वर्क को बढ़ावा मिलेगा। इसके लिए टेक्नोलॉजी बिजनेस इंक्यूबेशन (टीबीआई) सेंटर की शुरुआत की जा रही है। इसमें युवाओं के आइडियाज पर चर्चा होगी। इसके बाद सेंटर के माध्यम से उनके आइडिया को आगे बढ़ाने में तकनीकी मदद दी जाएगी। साथ ही उन्हें आर्थिक सहायता भी देंगे।  सोनल रुंगटा, डायरेक्टर, संतोष रुंगटा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन
DB Star EXclusive