सत्र के शुरुआत में छात्रों को देंगे छात्रवृत्ति की जानकारी
रायपुर डीबी स्टार
डीबी स्टार ने 29 जनवरी को छात्रवृत्ति योजना का स्कूलों में ही नहीं किया प्रचार-प्रसार शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। बताया गया था कि प्रचार-प्रसार नहीं होने से छात्रवृत्ति योजनाओं का छात्रों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। श्रम विभाग ने असंगठित श्रमिकों के बच्चों के लिए शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना शुरू की थी। इसका लाभ उन्हीं बच्चों को मिलेगा, जिनके माता या पिता का श्रम विभाग की वेबसाइट पर पंजीयन है।
रायपुर जिले में करीब 36,780 श्रमिकों ने पंजीयन कराया है। इसके बाद भी उनके बच्चों को छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिल पा रहा है। पंजीयन कराने में रायपुर पांचवें स्थान पर है। पहले स्थान पर धमतरी है। इस योजना के तहत छात्रों को सामान्य के साथ आईआईटी, एमबीबीएस सहित अन्य पाठ्यक्रमों की पढ़ाई में मदद मिलेगी। श्रम विभाग के अधिकारियों ने हितग्राही छात्रों की कम संख्या को देखते हुए प्रदेश के सभी डीईओ को पत्र लिखकर प्रचार-प्रसार करने को कहा है। इसके बाद रायपुर जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूलों में प्रचार शुरू करवाया लेकिन आवेदन करने वाले छात्रों की संख्या नहीं बढ़ी।
नए शिक्षा सत्र में इन कमियों को दूर करने की बात कही जा रही है। इसे लेकर रायपुर डीईओ का कहना है कि नए सत्र की शुरुआती से ही छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। क्लासरूम के अलावा नोटिस बोर्ड पर भी इसकी जानकारी लगाई जाएगी। इसका उद्देश्य है, समय रहते छात्र आवेदन कर इन योजनाओं का लाभ ले सकें।
छात्र समय रहते आवेदन कर पाएंगे
 नए सत्र में शुरुआत से ही छात्रों को स्क्ूलों में छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इससे वे समय रहते योजना के लिए आवेदन कर पाएंगे। आशुतोष चावरे, जिला शिक्षा अधिकारी, रायपुर
DB Star
follow-up