पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • अजीत जोगी के खिलाफ उनके ही गढ़ में कांग्रेसियों ने खोल दिया मोर्चा

अजीत जोगी के खिलाफ उनके ही गढ़ में कांग्रेसियों ने खोल दिया मोर्चा

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज | रायपुर / बिलासपुर

जिला व शहर कांग्रेस कमेटी ने अंतागढ़ टेप कांड प्रकरण में पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के संबंध में जल्द निर्णय लेने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को पत्र लिखा है। इसमें बताया गया है कि जोगी ने गुरुवार को पत्रवार्ता के दौरान प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के लिए नाकारा शब्द का प्रयोग किया था। जिला व शहर कांग्रेस कमेटी ने इस की निंदा की है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अटल श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष राजेंद्र शुक्ला, शहर अध्यक्ष नरेंद्र बोलर, प्रदेश सचिव महेश दुबे, रामशरण यादव ने एक संयुक्त बयान में कहा है कि प्रदेश का नेतृत्व अध्यक्ष व नेताप्रतिपक्ष राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा तय किया जाता है। भूपेश बघेल व टीएस सिंहदेव सोनिया गांधी और राहुल गांधी के आदेशानुसार क्रमशः अध्यक्ष व नेताप्रतिपक्ष बने हैं, उन्हें नाकारा कहना इनके फैसले को चुनौती देना है।

उन्होंने कहा है कि जो लोग पार्टी को लगातार नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिनके कारण कांग्रेस सत्ता में वापस नहीं आ रही है, जो सिर्फ अपने परिवार के लिए राजनीति कर रहे हैं, अपने साथ निष्ठापूर्वक काम करने वालों को चुनाव लड़ने से वंचित कर बेचने का काम कर रहे हैं, ऐसे लोग तो कम से कम प्रदेश व शीर्ष नेतृत्व की बुद्धि और संविधान ज्ञान की चिंता न करें।

रेपकांड की रिपोर्ट राहुल को सौंपेंगे भूपेश
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल शनिवार को होने वाली राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की बैठक में शामिल होने शुक्रवार रात दिल्ली पहुंचे। वे राहुल को बीजापुर और भिलाई में महिलाओं पर अत्याचार से संबंधित पीसीसी की रिपोर्ट देंगे। गांधी ने राज्यों में वनाधिकार कानून को लेकर समीक्षा बैठक रखी है। बताया जा रहा है कि बघेल जोगी पिता-पुत्र के निष्कासन पर केंद्रीय अनुशासन समिति द्वारा मांगे गए स्पष्टीकरण पर अपना जवाब भी दे सकते हैं। समिति ने पिछले सप्ताह ही पीसीसी और जोगी को नोटिस भेजकर उनका पक्ष मांगा है। यहां बता दें कि मोदी सरकार वनाधिकार कानून में अहम संशोधन करने जा रही है। इसके लिए उसने भाजपा शासित राज्यों से रायशुमारी कर ली है। एनडीए सरकार यूपीए सरकार के कानून को बदलकर पट्टा कानून लाने की तैयारी कर रही है। कांग्रेस संसद और राज्य विधानसभाओं के आगामी बजट सत्रों में इसका विरोध करने की रणनीति पर बना रही है।

इसी सिलसिले में राहुल गांधी ने कल यह बैठक रखी है। यूपीए के कानून के तहत प्रदेश में करीब तीन लाख से अधिक वनवासियों को वनाधिकार पट्टे दिए जा चुके हैं। करीब डेढ़ लाख से अधिक आवेदन अभी सरकार के पास लंबित हैं। पीसीसी विधानसभा के अंदर और बाहर भी पट्टा वितरण को लेकर सरकार पर दबाव बनाती रही है। बघेल कल छग की स्थिति को लेकर रिपोर्ट देंगे। कल की बैठक में वे बस्तर के बीजापुर में सुरक्षा जवानों द्वारा महिलाओं के साथ किए जा रहे अनाचार पर भी पीसीसी की जांच से गांधी को अवगत कराएंगे। बघेल इस मामले को संसद में उठवाना चाह रहे हैं।

टीएस की चुनौती- वाइस सेंपल देने जोगी आगे आएं
अंतागढ़ टेपकांड पर पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के बयान पर नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव न शुक्रवार को पलटवार किया । जोगी ने गुरुवार को सिंहदेव पर टेप की फोरेंसिक जांच को लेकर अज्ञानता का आरोप लगाया था। सिंहदेव ने कहा कि टेप की जांच पार्टी के लोगो ने बंगलुरु की मान्यता प्राप्त संस्था से कराया है। इस जांच में तस्दीक हुआ है कि टेप में कुछ जगह एडिट है लेकिन बातचीत के अंश सही है। टीएस ने कहा कि इस प्रकरण को लेकर मामला भी दर्ज कराय गया है। लेकिन जांच न करा कर लटकाने की कोशिश की जा रही है। अमित जोगी के नार्को टेस्ट के लिए तैयार होने पर सिंहदेव ने कहा कि टेप में जिन 6 लोगो की आवाजें हैं उन सभी को खुद होकर अपने वाइस सेंपल देने चाहिए। अपने ऊपर जोगी के अज्ञानता के आरोप पर सिंहदेव ने कहा कि ज्ञान कहीं से भी मिले लेकिन अंतागढ़ जैसा ज्ञान कहीं से भी नहीं मिलना चाहिए।

गौरेला, पेंड्रा व मरवाही में कितने प्राथमिक सदस्य
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक पूर्व मुख्यमत्री जोगी ने दावा किया था कि मरवाही विधायक अमित जोगी के स्वागत में 20 हजार कांग्रेसी उपस्थित थे। क्या कांग्रेस इतने सदस्यों को निष्कासित करेगी। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि जिले में कांग्रेस के 26 हजार प्राथमिक सदस्य हैं। जोगी को बयान देने से पहले यह जान लेना चाहिए कि गौरेला, पेंड्रा और मरवाही में कांग्रेस के कितने प्राथमिक सदस्य हैं।

जोगी पर जल्द फैसला लेने आलाकमान को पत्र
खबरें और भी हैं...