राज्य में उद्योग लगाने के लिए बनाई जाएगी नवाचार नीति
मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने मुंबई में रविवार को ऐलान किया कि छत्तीसगढ़ सरकार अगले एक सप्ताह के भीतर नई इनोवेशन पालिसी लेकर आ रही है। इसे नवाचार नीति नाम दिया गया है। इसके तहत राज्य में बड़े पैमाने पर उद्योगों के विकास और राेजगार के अवसर लोगों को उपलब्ध कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने रविवार दोपहर को ‘मेक इन इंडिया’ सप्ताह के दूसरे दिन देश भर के लगभग 300 से अधिक औद्योगिक घरानों के उद्योगपतियों को छत्तीसगढ़ में पूंजी निवेश करने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि अगर वे छत्तीसगढ़ में उद्योग लगाते हैं तो उद्योगपतियों का दूसरा घर छत्तीसगढ़ होगा। इससे छोटे से राज्य के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में तेजी आएगी। लोगों को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर मिलेंगे। हमारे राज्य में पूंजी निवेश का बेहतर वातावरण है।
इस वजह से ही हमने यह निर्णय लिया है कि सप्ताह भर के भीतर हम नई इनोवेशन पालिसी को लांच करें। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मेक इन इंडिया सप्ताह के तहत औद्योगिक निवेशकों को एक जगह पर इकट्ठा करना नई सोच है। इसके तहत देश के सभी राज्यों के संसाधनों व विशेषताओं व संभावनाओं की जानकारी मिल जाती है। छत्तीसगढ़ में व्यापार के नियमों को सरलीकरण के जरिए हमने ‘ईज आॅफ डूइंग बिजनेस’ के मानकों में छत्तीसगढ़ ने पूरे देश में चौथा स्थान हासिल किया है। निवेश की हमारे राज्य में अपार संभावना है। हमने अपनी उद्योग नीति को निवेशकों की सुविधा के तहत काफी गतिमान बनाया है। अब इसमें कुछ परिवर्तन कर उसे अधिक सुगम और सरल बनाने की हम कोशिश कर रहे हैं। इस अवसर पर सरकार के उद्योग मंत्री अमर अग्रवाल, मुख्य सचिव विवेक ढांड, ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव अमन कुमार सिंह, उद्योग विभाग के सचिव सुबोध सिंह सहित अन्य अफसर मौजूद थे।
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के साथ उद्योगपति कुमार मंगलम बिड़ला।