आदर्श सामूहिक विवाह सम्मेलन कई जोड़े बंधे शादी के बंधन में
मानिकपुरी पनिका समाज और विकलांग युवक-युवतियों का हुआ आदर्श विवाह सम्मेलन
कम्युनिटी रिपोर्टर| रायपुर
देवांगन समाज द्वारा राममंदिर लाखेनगर में रविवार को आदर्श विवाह समारोह व कुलदेवी पूजन का आयोजन किया गया। इस समारोह में समाज के 6 जोड़ों का आदर्श विवाह कराया गया। साथ ही 45 युवक-युवतियों ने अपना परिचय दिया।
महानगर रायपुर राज देवांगन समाज छग द्वारा आयोजित आदर्श विवाह के पहले देवांगन समाज की कुलदेवी मां परमेश्वरी की पूजा कर उनका आशीर्वाद लिया गया। समाज के प्रदेश अध्यक्ष चोवाराम देवांगन ने बताया कि गरीब परिवारों को विवाह जैसे आयोजनों में आर्थिक बोझ से बचाने के लिए ऐसे समारोह किए जाते हैं। इस अवसर पर वर व वधु पक्ष को समाज की तरफ से नए जीवन की शुरुआत के लिए उपहार भी प्रदान किए गए। विवाह समारोह में लखन लाल देवांगन, संतोष देवांगन, महेश देवांगन, आनंद देवांगन व चंदू देवांगन के अलावा बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद थे।
ठेठवार यादव युवक-युवती परिचय सम्मेलन : प्रदेश स्तरीय ठेठवार यादव समाज का युवक-युवती परिचय सम्मेलन महादेव घाट स्थित सभा भवन में आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पांच सौ से अधिक परिवारों ने हिस्सा लिया और 150 युवक-युवतियों ने अपना परिचय दिया। समाज के रमेश यदु ने बताया कि कई युवक-युवतियों के परिवारों के बीच संबंधों को लेकर चर्चा हुई और कई रिश्ते तय किए गए।
मानिकपुरी पनिका समाज
11वें राज्य स्तरीय विकलांग युवक-युवती विवाह सम्मेलन में रविवार को 21 जोड़ों ने फेरे लिये। वैदिक रीति-रिवाजों के साथ पारम्परिक परिधानों से सजे-धजे इन विकलांग जोड़ों का 25 सहआचार्यों ने सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया। इसमें कुछ जोड़ों के अंतरजातीय विवाह भी हुए। समारोह का आयोजन अखिल भारतीय विकलांग चेतना परिषद की तरफ से किया गया था। बैरन बाजार स्थित आशीर्वाद भवन में आयोजित किए विवाह सम्मेलन में शामिल हुए विकलांग जोड़ों ने परिणय-सूत्र में बंधकर नए जीवन की शुरुआत की।
भारतीय मानिकपुरी पनिका समाज महानगर इकाई का वार्षिकोत्सव, युवक-युवती परिचय सम्मेलन और निशुल्क आदर्श विवाह का आयोजन किया गया। शहीद स्मारक भवन में कई लोग मौजूद थे। समाज के प्रवक्ता डॉ. ललित कुमार मानिकपुरी ने बताया कि इस अवसर मेधावी विद्यार्थियों, कला-संस्कृति से जुड़े लोगों और संत-महंतों का सम्मान किया गया।
विवाह के बंधन में बंधे 21 विकलांग जोड़े
रविवार को राममंदिर लाखेनगर में आयोजित देवांगन समाज के सामूहिक विवाह में मौजूद दूल्हे।