पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • भ्रष्टाचार की शिकायतों पर कार्रवाई जारी रहेगी: गुप्ता

भ्रष्टाचार की शिकायतों पर कार्रवाई जारी रहेगी: गुप्ता

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
आईएएस और आईएफएस एसोसिएशन के विरोध को दरकिनार करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) के एडीजी मुकेश गुप्ता ने दाे टूक कह दिया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

गुप्ता ने कहा कि किसी के विरोध से क्या होता है। हम विभाग की तरफ से कार्रवाई कर रहे हैं। शिकायत आएगी तो छानबीन करेंगे और कार्रवाई भी। गुप्ता का यह बयान तब आया है जब राज्य के वन मंत्री महेश गागड़ा ने एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से मिलकर एसीबी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उन्होंने सीधे आरोप लगाया कि एसीबी की कार्रवाई से विभाग का मनोबल टूट रहा है। आईएफएस एसोसिएशन के अलावा आईएएस एसोसिएशन ने भी एसीबी की मुख्यमंत्री से शिकायत की है।

पिछले साल आईएएस अफसर रणवीर शर्मा के खिलाफ एसीबी ने कार्रवाई की थी। इसके विरोध में आईएएस एसोसिएशन ने भी मुख्यमंत्री से मिलकर आपत्ति की थी। तीन आईएफएस अफसरों एसएसडी बड़गैय्या, केके बिसेन और एएच कपासी के खिलाफ एसीबी की कार्रवाई के बाद यह नया तीसरा मोर्चा खुला है। नान मामले में फंसे आईएएस अफसर अनिल टुटेजा ने भी एसीबी की कार्रवाई को षडयंत्र पूर्वक और कूटरचित बताते हुए मुख्यमंत्री से न्याय मांगा है।

विभाग में सारे लेन देने खातों में होने लगे हैं। कोई टेंडर भी नहीं होते, भ्रष्टाचार कहां से दिख रहा है। छापों में कुछ मिला भी नहीं है। एसोसिएशन ने आपत्ति वन मंत्री और सीएम के समक्ष जता दी है। कौशलेंद्र सिंह, अध्यक्ष आईएफएस एसोसिएशन

हम लोगों ने बड़ी छापामार कार्रवाई पर कुछ नहीं कहा। रणवीर शर्मा जैसे जूनियर आईएएस पर हुई कार्रवाई को लेकर हमें आपत्ति थी। हमने मुख्यमंत्री को इससे अवगत करा दिया है। शासन कार्रवाई करेगा। एन बैजेंद्र कुमार, अध्यक्ष आईएएस एसोसिएशन

प्रदेश का पूरा प्रशासनिक अमला बेलगाम : कांग्रेस
कांग्रेस ने आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा और आईएफएस अफसरों द्वारा एसीबी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने को गंभीर बताया है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि यह भाजपा सरकार की प्रशासनिक विफलता है। यदि अधिकारी अपने भ्रष्टाचार के खुलासे से घबराकर एसीबी के छापों के खिलाफ लामबन्द होने का दुस्साहस कर रहे हैं, तो यह राज्य की सेहत के लिए खतरनाक है। राज्य का प्रशासनिक अमला बेलगाम हो चुका है।

खबरें और भी हैं...