आरडीए बनाएगा शहर में मास्टर प्लान की 30 किलोमीटर सड़कें
रायपुर विकास प्राधिकरण शहर में मास्टर प्लान की लगभग 30 किलोमीटर सड़कें बनाएगा। मंगलवार को संचालक मंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया।
प्रस्ताव को मंजूरी के लिए जल्द ही राज्य शासन को भेजा जाएगा। बैठक में यह फैसला भी लिया गया कि आरडीए अब तीन लाख रुपए तक का सरचार्ज लगभग आधा ही वसूलेगा। इस तरह सरचार्ज में 40 से 60 फीसदी की छूट दी जाएगी। मंगलवार को आरडीए अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी एमडी कावरे ने सड़क का प्रस्ताव रखा। इसके तहत मास्टर प्लान 2021 की 29.3 किलोमीटर छह सड़कें अब आरडीए बनाएगा। यह सड़कें 18 से 75 मीटर तक चौड़ी होगी। प्रस्ताव पास करने के साथ ही इसे स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा। शासन से बजट की मांग भी की जाएगी। संजय श्रीवास्तव ने बताया कि कमल विहार योजना के बड़े भूखंडों पर ‘रो हाऊस’ बनाकर उसे आम लोगों को आबंटित किया जाएगा। इसकी सैद्धांतिक स्वीकृति ली गई। इसके अतंर्गत पहले चरण में लगभग 250 डुप्लेक्स मकान बनाए जाएंगे। इसकी लागत 25 से 35 लाख रुपए होगी। तकनीकी शाखा इसकी कार्ययोजना तैयार करेगी। प्राधिकरण की बकाया राशि 20 करोड़ रुपए है।
आरडीए ने निर्णय लिया कि जिन बकायादारों पर 3 लाख रुपए तक सरचार्ज राशि हो गई है, उन्हें पूरी बकाया राशि एकमुश्त जमा करने पर सरचार्ज राशि में छूट दी जाएगी।
बोरियाखुर्द में प्रधानमंत्री आवास योजना
बोरियाखुर्द योजना में डा. श्यामाप्रसाद मुखर्जी आवास योजना के 1800 फ्लैट्स के नजदीक 16 एकड़ खाली पड़ी जमीन पर प्रधानमंत्री आवास योजना के अतंर्गत एलआईजी फ्लैट्स बनाया जाएगा। संचालक मंडल से इसकी भी स्वीकृति मिल गई। यह स्व वित्तीय आधार पर होगा। इसे स्वीकृति के लिए राज्य शासन को भेजा जाएगा। इंद्रप्रस्थ रायपुरा में भी प्रधानमंत्री आवास योजना के अतंर्गत ईडब्ल्यूएस तथा एलआईजी के लगभग 2400 फ्लैट्स बनाने का निर्णय लिया गया है।
कमल विहार में आमोद-प्रमोद क्षेत्र का बनेगा लेआऊट
कमल विहार के सेक्टर 3 में अतंर्गत स्पोट्स ग्राउंड, मेला व प्रदर्शनी स्थल, ओपन एयर थियेटर, पिकनिक स्थल, उद्यान, स्टेडियम, विशेष मनोरंजन क्षेत्र के लिए विकसित किया जाएगा। इसमें पेट्रोल व गैस फिलिंग स्टेशन, उपहार गृह, भोजनालय, मनोरंजन से संबंधित सुविधाएं जैसे मल्टीप्लेक्स, होटल, क्लब शादीघर, हार्ट बाजार, फार्म हाउस विकसित किए जा सकते हैं। इसके लिए लेआऊट तैयार कर स्वीकृत दरों पर प्लॉट विकसित कर बेचा जाएगा। संचालक मंडल की बैठक में अध्यक्ष व सीईओ के अतिरिक्त आवास व पर्यावरण विभाग के अवर सचिव जीएल सॉकला, उप वन संरक्षक विनोद मिश्रा, संयुक्त संचालक नगर तथा ग्राम निवेश विनित नायर, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग महादेव लहरे, अपर आयुक्त नगर पालिक निगम डॉ. जे आर सोनी, अधीक्षण अभियंता छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के आरए पाठक तथा प्राधिकरण के अतिरिक्त सीईओ यूएस अग्रवाल उपस्थित थे।