जोगी के स्वागत पर निष्कासन का फरमान, समर्थक अड़े
जिले में कांग्रेस के दो धड़े आमने सामने नजर आ रहे हैं। एक तरफ जिला कमेटी ने पार्टी से निष्कासित विधायक अमित जोगी का स्वागत करने वाले कांग्रेसियों को निष्कासित करने का फरमान जारी किया है। वहीं पेंड्रा क्षेत्र के कांग्रेसियों ने इस निर्णय की निंदा ही है और कहा है कि वे स्वागत कार्यक्रम में जरूर शामिल होंगे। उनका कहना है कि वे कुछ पूर्वाग्रही कांग्रेसियों की साजिश कामयाब नहीं होने देंगे।
बुधवार को विधायक जोगी पेंड्रा क्षेत्र के प्रवास पर रहेंगे। मंगलवार को पेंड्रा राजमहल में उनके समर्थक कांग्रेसियों की बैठक हुई। इसमें जिला कांग्रेस के सचिव ओमप्रकाश बंका ने कहा विधायक जोगी छत्तीसगढ़ के लिए संघर्षरत हैं। कुछ कांग्रेसी पूर्वाग्रह से उनके खिलाफ निर्णय ले रहे हैं। पूरी ताकत के साथ विधायक जोगी के कार्यक्रम को सफल बनाया जाएगा। सरपंच संघ पेंड्रा के अध्यक्ष बदल सिंह आर्मो ने कहा जोगी परिवार मरवाही क्षेत्र की शान है।
उनके स्वागत से हमें कोई नहीं रोक सकता। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता चंदा बाई मरावी ने कहा जोगी परिवार के खिलाफ साजिश करने वाले लोगों ने ही स्वागत पर रोक लगाई है। और भी वक्ताओं ने कहा कि धमकियों से पेंड्रा के कांग्रेसी डरने वाले नहीं हैं।
टेप में कई कट हैं : राय
अंतागढ़ टेपकांड में जोगी पिता-पुत्र पर कार्रवाई रद्द करने को लेकर दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं से मिलकर गुंडरदेही विधायक आरके राय मंगलवार को रायपुर पहुंचे।उन्होंने मामले में सुलह होने की पूरी उम्मीद होने का दावा किया। साथ ही कहा कि अंतागढ़ टेपकांड की फाेरेंसिक रिपोर्ट आलानेताओं तक पहुंच चुकी है। इसमें कई कट हैं। उन्होंने कहा कि यदि कार्रवाई होगी तो दोनों पर करनी होगी।
पेंड्रा में जोगी मामले में कांग्रेस दो फाड़