कौशिक की टीम के नाम लगभग तय
रायपुर| भाजपा प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने बहुप्रतीक्षित नियुक्तियां शुरू कर दी हैं। दुर्ग जिले के जिला अध्यक्ष पद पर उषा टावरी एवं जिला महामंत्री पद पर देवेन्द्र चंदेल को नियुक्त किया है। वे प्रदेश की नई टीम की घोषणा भी जल्द करने वाले हैं। उन्होंने वरिष्ठ नेताओं के साथ मिलकर नाम तो तय कर लिए हैं, लेकिन किसे क्या बनाना इसमें किंचित राय-मशविरा और बाकी रह गई हैं।
पूरे प्रदेश से जिलों व जातिगत समीकरणों को ध्यान में रखकर नाम छांट लिए गए हैं। कौशिक की टीम में सात उपाध्यक्ष, चार महामंत्री, सात मंत्री व कोषाध्यक्ष होंगे। इनमें लीलाराम भोजवानी को कोषाध्यक्ष बनाने पर लगभग सहमति है।
पूरी टीम में 5-6 महिलाएं होंगी जिनमें सुधा वर्मा, प्रभा दुबे, कोरबा की पूर्व मेयर कांति दुबे, जिला पंचायत अध्यक्ष रहीं सरायपाली की सरला कोसरिया के नाम हैं। वे वर्तमान में मंत्री हैं और एमएलए की टिकट की दावेदार भी थीं। पूर्व विधायक पिंकी ध्रुव, चन्नी वर्मा व बिलासपुर की पूजा विधानी के नाम भी सूची में बताए गए हैं। समीरा पैकरा को भी पद मिलेगा।
रायगढ़ से वर्तमान प्रदेश मंत्री गिरधर गुप्ता को उपाध्यक्ष बनाया जा सकता है।
नई टीम के संभावित नाम
ननकीराम कंवर, केएम बांधी व हेमचंद यादव, नारायण चंदेल, विधायक श्याम बिहारी जायसवाल, पूनम चंद्राकर व इंदर चोपड़ा तथा वीरेंद्र साहू, सावंलराम डहरे, सत्यानंद राठिया, अवधेश चंदेल, सतीश लाटिया, डॉ. अजय राव, सुनील सोनी व प्रकाश बजाज आदि के नाम तय माने जा रहे हैं।