एम्स में इंटरव्यू से रोका, बवाल
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्था एम्स में बुधवार को इंटरव्यू देने पहुंचे सौ से ज्यादा उम्मीदवारों ने जमकर हंगामा किया। उन्हें यह कहकर गेट पर ही रोक दिया गया था कि वे लोग देरी से आए हैं। इसलिए एंट्री नहीं मिलेगी। उम्मीदवार हैरान थे कि उन्हें एकाएक क्यों रोका गया है। एम्स प्रशासन का तर्क था उन्हें सुबह 10 बजे बुलाया गया था। वे डेढ़ घंटे देरी से आए। हालांकि हंगामे के बाद सभी को एंट्री देकर उनका इंटरव्यू लिया गया। एम्स में अलग-अलग पांच पदों के लिए बुधवार को आयोजित इंटरव्यू में ढाई सौ से अधिक उम्मीदवार पहुंचे थे। इनमें से डेढ़ सौ को ही एंट्री दी गई। बाकी को रोक दिया गया। इसी के बाद विवाद शुरू हुआ। उम्मीदवार यह आरोप लगाने लगे के एम्स प्रबंधन ने जानबूझकर उन्हें रोका है। उनका यह भी आरोप था कि एम्स प्रबंधन ने नौकरी के लिए पहले से उम्मीदवार तय कर लिए हैं। इस वजह से बाकी लोगों को कोई भी कारण बताकर रोक दिया गया है। वे देरी से आने का कारण मानने को राजी नहीं थे। उनका कहना था कि वे निर्धारित समय पर ही पहुंच चुके थे। उन्हें इंटरव्यू का सही स्थान नहीं बताया गया था। इधर-उधर भटकने के कारण उनका समय खराब हो गया और वे लेट हो गए।
विरोध को देखते हुए एम्स प्रबंधन ने डेढ़ घंटे बाद उन्हें इंटरव्यू में शामिल किया।
इंटरव्यू के लिए आए उम्मीदवारों ने डेढ़ घंटे तक गेट पर किया हंगामा।