गुटखा कारोबारी पर सेलटैक्स ने लगाया 7 करोड़ रु. जुर्माना
रायपुर| वाणिज्यिक कर (सेलटैक्स) विभाग ने करीब पांच साल तक टैक्स चोरी करने तथा टर्नओवर को लेकर खाते में गलत जानकारी देने के मामले में राजधानी के गुटखा डीलर चंपालाल जैन पर 7 करोड़ रुपए जुर्माना लगा दिया है।
यही नहीं, दस्तावेजों में गड़बड़ी करने के मामले में पुलिस को पत्र लिखा जा रहा है कि गुटखा कारोबारी के खिलाफ क्रिमिनल केस दर्ज किया जाए। अफसरों ने बताया कि कारोबारी ने जुर्माने की रकम किस्तों में अदा करने का आवेदन लगा दिया है। सेलटैक्स अफसरों ने पिछले महीने गुटखा डीलर जैन के पंडरी स्थित दफ्तर में छापा मारा था। विभाग का अनुमान है कि कारोबारी का 500 करोड़ रुपए से अधिक का टर्नओवर था, लेकिन विभाग को गलत जानकारी दी गई थी। जांच के बाद अफसरों ने 48 करोड़ रुपए से ज्यादा की सेलटैक्स चोरी पकड़ी थी।
जांच में पता चला कि डीलर अपने परिवार के सदस्यों के नाम से अलग-अलग कंपनियां बनाईं और कारोबार के बाद वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले ही उन्हें बंद करना भी दिखा दिया। अफसरों ने इसे बड़ा फर्जीवाड़ा करार दिया। इसी तरह, जांच में यह भी पता चला कि गुटखा कारोबारी ने दिल्ली की एक कंपनी से करोड़ों रुपए का गुटखा खरीदा, लेकिन दस्तावेजों में 15-20 लाख की खरीदी ही शो की गई। कारोबारी की ओर से गुटखा सामग्री जैसे जर्दा, इलायची, सुपारी और चटनी की खरीदी की सही जानकारी भी नहीं दी जा सकी।