भट्ट और देवांगन के खिलाफ भी चलेगा आय से अधिक संपत्ति का मामला
रायपुर | नागरिक आपूर्ति निगम घोटाले के आरोपी अधिकारी शिवशंकर भट्ट और गिरीश देवांगन के खिलाफ भी अब आय से अधिक संपत्ति का मामला चलेगा। एंटी करप्शन ब्यूरो ने नान संचालक मंडल से इसकी अनुमति मांगी थी। संचालक मंडल ने एसीबी को इसकी अनुमति प्रदान कर दी है। जांच में ब्यूरो को भट्ट और उसके रिश्तेदारों के यहां से करीब पांच करोड़ और नान के एकाउंटेंट देवांगन के यहां से एक करोड़ आय से अधिक संपत्ति मिली थी। इसी वजह से दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
इससे पहले नान घोटाले में फंसे पांच और अधिकारियों के खिलाफ सूरजपुर जिले के नान प्रबंधक आरएन सिंह, जगदलपुर के जेटीओ सतीश कैवर्त्य, कंपनी सचिव संदीप अग्रवाल, रायपुर नान कार्यालय के प्रबंधक केके यदु और रायगढ़ के महाप्रबंधक क्षीरसागर पटेल पर आय से अधिक संपत्ति के मामले की स्वीकृति दे दी थी। मामले में 16 अधिकारी और कर्मचारी फंसे हैं। दो के खिलाफ केंद्र सरकार ने कार्रवाई करने की अनुमति नहीं दी है। दो अभी तक फरार हैं।
शेष आरोपी इन दिनों जेल में हैं।