सरकारी स्कूल के दो टॉपरों को बाइक गिफ्ट
रायपुर | जेएन पांडे हायर सेकेंडरी गवर्नमेंट स्कूल से पिछले साल 12वीं में टॉप-10 की सूची में 8वां और 9वां स्थान पाने वाले दो टॉपरों को स्कूल की ओर से एक-एक बाइक गिफ्ट की जाएगी। उनके सम्मान के लिए बाकायदा समारोह आयोजित किया जाएगा। स्कूल के प्राचार्य एमआर सावंत ने पिछले साल परीक्षा के पहले ही घोषणा की थी कि 12वीं में टॉप-10 की सूची में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को बाइक गिफ्ट की जाएगी। दो विद्यार्थियों ने यह गौरव हासिल किया।
माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से टॉप-10 की अंतिम सूची जारी होने के बाद अब छात्रों को बाइक गिरफ्ट देने के लिए कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। करीब पांच बरसों से इस स्कूल के किसी भी विद्यार्थी ने टॉप टेन में जगह नहीं बनाई थी। पिछले साल स्कूल के दो छात्रों आनंद वर्मन और निश्चय सोनी ने टॉपर सूची में स्थान पाया। इनमें निश्चय सोनी ने गणित में कमाल का प्रदर्शन किया। उसे सौ में सौ अंक मिले। स्कूल प्रबंधन ने बताया कि दसवीं में भी कुछ विद्यार्थी टॉप-टेन की मेरिट में आने से चूक गए। इन्हें 92 फीसदी तक अंक मिले। पिछले कुछ बरसों से यहां दो घंटे की विशेष क्लासेस लगाई जाती है। इसका असर देखने को मिल रहा है। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में संभवत: यह पहला मामला होगा, जब छात्र के मेरिट में आने पर स्कूल की ओर से बड़ा इनाम दिया जा रहा है।
दसवीं में भी अच्छा प्रदर्शन :
गवर्नमेंट स्कूल के इन दोनों छात्रों ने दसवीं की बोर्ड परीक्षा में भी अच्छा प्रदर्शन किया था। इन्हें 93 फीसदी तक अंक मिले थे। कुछ अंकों की वजह से ये मेरिट से बाहर हो गए थे। दोनों फिलहाल इंजीनियरिंग के छात्र हैं। स्कूल प्रबंधन ने बताया कि इसमें से एक एनआईटी रायपुर में पढ़ाई कर रहा है।