गरीब बच्चों को निशुल्क शिक्षा और आईएएस की कोचिंग देगा क्षत्रिय समाज
रायपुर | मेधावी लेकिन आर्थिक विपन्नता के कारण शिक्षा से वंचित बच्चों के क्षत्रिय समाज मेडिकल और इंजीनियिरंग पढ़ाएगा। महंगे खर्च के कारण आईएएस की तैयारी नहीं कर पा रहे बच्चों को भी बहुत की कम शुल्क पर कोचिंग दी जाएगी। समाज के बच्चों को इन सहूलियतों की जानकारी देने के लिए ही 13 फरवरी को पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय सभागार में आल इंडिया क्षत्रिय फेडरेशन का राष्ट्रीय सम्मेलन रखा गया है। फेडरेशन के सदस्य सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग सम्मेलन में जुटेंगे। 13 फरवरी को शाम 5 बजे से कार्यक्रम शुरू होगा। मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह मुख्य अतिथि होंगे। कांग्रेस महासचिव व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, विस के नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव अतिथि होंगे।
फेडरेशन के राष्ट्रीय महासचिव विनय सिंह भदौरिया के अनुसार पूरे देश से फेडरेशन के 180 सदस्यों ने आने की सहमति दे दी है। इसके अलावा बड़ी संख्या में समाज के लोग इसमें शामिल होंगे। संगठन सचिव शशि सिंह ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य समाज के लोगों को फेडरेशन की ओर से दी जा रही सुविधाओं और सहूलियतों की जानकारी देना है। कार्यक्रम के दौरान समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों का परिचय सम्मेलन भी होगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रमुख लोगों को जिम्मेदारी बांटी गई है। इनमें उदय सिंह, जीएस क्षत्री, होरी सिंह, जोगेंदर सिहं, एसएस गहरवार, जग्गू सिंह ठाकुर, नीटू भदौरिया, आदर्श सिंह, अनिल सिंह(अंबिकापुर) शामिल हैं।