आधी रात चली ठंडी हवा से फिर महसूस हुई ठंड
रायपुर | बादलों की वजह से राजधानी में सोमवार को देर रात तक ठंड नहीं थी, लेकिन आधी रात के बाद अचानक ठंडी हवा चलने लगी। इससे तापमान गिरा और ठंड महसूस होने लगी। दो-तीन घंटे की ठंडी हवा से रात का तापमान लगभग ढाई डिग्री गिरा और 17 से भी नीचे चला गया। विशेषज्ञों का मानना है कि बीच-बीच में उत्तर से आ रही हवा के कारण ऐसा हुआ। उत्तर की हवा के असर से ही रायपुर और बिलासपुर संभाग के मैदानी इलाके तो ठंडे नहीं हुए, लेकिन पहाड़ी क्षेत्र अच्छी-खासी ठंड की चपेट में आ गए।
बंगाल की खाड़ी की ओर से नमी आने के कारण राज्य के बड़े हिस्से में पिछले तीन दिन से ठंड लगभग गायब थी। नमी के असर से हल्के बादल थे, इसलिए दोपहर में जरूर गर्मी कम महसूस हुई। सोमवार को सुबह से देर रात तक मौसम ऐसा ही था, लेकिन करीब साढ़े 11 बजे से अचानक हवा में ठंडक बढ़ गई। रात 3 बजे तक आउटर में अच्छी खासी ठंड महसूस होने लगी। माना और लाभांडी में पारा 14 डिग्री तक पहुंच गया। राजधानी में भी तापमान 16.8 डिग्री रिकार्ड किया गया। हालांकि यह सामान्य से दो डिग्री ज्यादा ही है।
आज भी 17 डिग्री : लालपुर मौसम केंद्र के विशेषज्ञों के अनुसार राजधानी समेत राज्यभर में बुधवार और गुरुवार को मौसम ऐसा ही रहेगा। राजधानी समेत मैदानी इलाके में रात का तापमान 17 डिग्री तथा राज्य के उत्तरी हिस्से में पारा 10 डिग्री के आसपास रहने के आसार हैं।
उत्तर में 10 डिग्री से कम : उत्तर से आ रही ठंडी हवा के असर से प्रदेश के उत्तरी हिस्से यानी सरगुजा और बिलासपुर संभाग के मध्यप्रदेश-झारखंड से लगे इलाकों में सर्दी फिर लौट आई।
अंबिकापुर और पेंड्रा में रात का तापमान फिर 10 डिग्री से नीचे चला गया है। यह सामान्य से 2 डिग्री तक कम है। यहां तक कि बिलासपुर शहर में भी तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई और यह 13 डिग्री रिकार्ड किया गया। चिल्फी से लगे कवर्धा और दुर्ग जिले के बड़े हिस्से में भी ठंड बढ़ गई और सभी जगह पारा सामान्य से 3 डिग्री तक नीचे चला गया। केवल प्रदेश के मध्य मैदानी इलाकों में ही पारा सामान्य से अधिक रहा, यानी ठंड नहीं पड़ी।