पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सोसायटी में नौकरों के नाम खाते, करोड़ों का लेनदेन

सोसायटी में नौकरों के नाम खाते, करोड़ों का लेनदेन

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
आयकर विभाग ने कथित तौर पर हवाला कारोबार में लगी महाराष्ट्र की संस्था श्री रेणुका माता को-ऑपरेटिव अर्बन क्रेडिट सोसायटी के बांसटाल स्थित दफ्तर में हुए सर्वे को 80 लाख रुपए नगद मिलने के बाद मंगलवार को छापे में बदल दिया है। आयकर विभाग के सूत्रों के अनुसार सोसायटी के कर्मचारी नहीं बता पा रहे हैं कि यह पैसे किनके हैं और कहां से भेजे गए। यही नहीं, छापे में कई ऐसे खाते मिले हैं जिनमें करोड़ों का लेन-देन है और आयकर अफसरों को शक है कि ये खाते शहर के व्यापारियों के ही हैं, जो उन्होंने नौकरों के नाम से खुलवा रखे हैं। इस सोसायटी के साथ लेन-देन की वजह से विभाग की एक टीम ने सदर बाजार के रिद्धी-सिद्धी ज्वेलर्स के यहां भी जांच शुरू कर दी है। आयकर विभाग ने इस अर्बन क्रेडिट सोसायटी पर सोमवार को सर्वे शुरू किया था। मुख्य आयकर आयुक्त एसके घुमरिया के निर्देश पर जांच कर रही टीम ने 80 लाख रुपए नगद मिलने के बाद मंगलवार को इस सर्वे को छापे में बदल दिया। जांच मंगलवार को भी रात तक चली। सोसायटी के कंप्यूटर और दस्तावेजों को खंगाला गया। छापेमार दस्तों ने सोसायटी के दफ्तर में मिले कंप्यूटरों की सघन जांच जारी रखी है। वहीं खातेदारों के दस्तावेज और वाउचर जब्त कर लिए गए हैं।

खातों में करोड़ों लेकिन हकीकत में नौकर ही : अफसरों का अनुमान है कि इस सोसायटी के जिन खातों में करोड़ों रुपए का ट्रांजेक्शन हुआ है, ज्यादातर ऐसे लोगों के हैं जिनकी आर्थिक स्थिति कमजोर है।

इसलिए शक है कि खाते नौकरों के नाम से कारोबारियों ने खुलवा रखे हैं। विभाग ने कुछ खाताधारक ढूंढ लिए हैं। ज्यादातर को पता ही नहीं था कि उनके नाम से किसी बैंक में कोई खाता खुला है और लाखों-करोड़ों का लेनदेन हो रहा है। इस तथ्य के सामने आने के बाद विभाग ने सोसायटी के सभी खातेदारों की विस्तृत जानकारी ली है। बैंक कर्मियों से भी इस बारे में पूछताछ की जा रही है।



इंदौर में भी दो जगह

रायपुर के साथ-साथ आयकर विभाग की इंदौर स्थित टीम ने इसी सोसायटी की इंदौर और सेदवा स्थित शाखाओं में भी मंगलवार को सर्वे शुरू कर दिया। अफसरों के मुताबिक वहां से भी करोड़ों रुपए के हवाला कारोबार के दस्तावेज मिलने की बात सामने आई है। कंप्यूटर की जांच की जा रही है। दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है।

संस्था का बांसटाल स्थित दफ्तर।

सदर में शाम को सर्वे शुरू
कोऑपरेटिव सोसायटी से मिले दस्तावेजों के आधार पर आयकर विभाग की टीम मंगलवार की शाम सदर बाजार स्थित रिद्धी-सिद्धी ज्वेलर्स में पहुंची और सर्वे शुरू कर दिया। सूत्रों ने बताया कि वहां शो रूम, लॉकर और गोदाम की जांच की जा रही है। यहां से भी बड़े लेनदेन की रसीदें और दस्तावेज मिले हैं। इनकी पड़ताल की जा रही है। अफसरों ने बताया कि सर्वे रातभर चलने की संभावना है।

खबरें और भी हैं...