प्राकृतिक खूबसूरती के बीच मनाइए पिकनिक और तलाशिए इतिहास
तेजी से बढ़ते रायपुर की रफ्तार वाली जिंदगी से थोड़ा-सा दूर सुकून वाली पिकनिक पर जाने के लिए महासमुंद के आसपास के स्पॉट चुने जा सकते हैं। सिरपुर के मंदिर और बौद्ध विहार के बारे में तो लोग जानते हैं, इसे वर्ल्ड हेरिटेज बनाने की भी बात हो रही है। इसके अलावा भी यहां कई पिकनिक स्पॉट हैं, जो विविधताओं वाले हैं और साथ ही प्राकृतिक रूप से बेहद खूबसूरत भी। महासमुंद से 10 किलोमीटर दूर दलदली में गोधरा स्थित है। आसपास के जंगलों की हरियाली की वजह से यह बेहद खूबसूरत पिकनिक स्पॉट है। यहां एक ऐसा कुंड है जिससे 12 महीने पानी निकलता है। यह कुंड हमेशा लबालब रहता है। यहां भगवान शिव का प्राचीन मंदिर भी है। पौष पूर्णिमा यानी छत्तीसगढ़ में छेरछेड़ा के दिन यहां मेला लगता है और हजारों लोग दर्शन के लिए पहुंचते हैं। महासमुंद के दक्षिण की ओर स्थित चंडी मंदिर धार्मिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण स्थान है। मंदिर के रास्ते में हरियाली सुकून देती है। खल्लारी गांव के जंगल में पहाड़ पर स्थित खल्लारी माता मंदिर भी बेहद दर्शनीय स्थान है। मान्यता है कि पांडव वनवास के दौरान यहां आए थे। भीम के पैर के निशान भी यहां मौजूद हैं। चैत्र पूर्णिमा के साथ ही यहां नवरात्रि में भी मेला लगता है। महासमुंद से लगभग 10 किलोमीटर दूर भम्हिनी गांव में स्थित श्वेत गंगा कुंड धार्मिक लिहाज से महत्वपूर्ण है ही, यह प्राकृतिक रूप से खूबसूरत भी है। इस कुंड की एक धार निरंतर नदी में मिलती है। कुंड से कुछ दूर पर शिव मंदिर स्थित है। माघ पूर्णिमा पर यहां मेला लगता है। शवरात्रि पर कंवर यहां से पानी भरते हैं और सिरपुर स्थित गंधेश्वर महादेव मंदिर के शिवलिंग में इसे चढ़ाकर वापस लौटते हैं। इन सभी जगहों के साथ ही बहुचर्चित सिरपुर जाने पर भी हर बार आप कुछ नया जरूर अनुभव करेंगे। अगर कुछ एडवेंचर चाहते हैं तो महासमुंद के पास ही बारनवापारा भी है, यहां जंगल सफारी घूमने के साथ कॉटेज में रहा भी जा सकता है।
रायपुर से लगभग 56 किलोमीटर दूर महासमुंद के पास स्थित खूबसूरत पिकनिक स्पॉट में हो सकते हैं रिलेक्स।