पैकरा की कमर, जांघ की हड्डी टूटी, सर्जरी का फैसला कल
रायपुर। बुधवार रात वाड्रफनगर के निकट हुई सड़क दुर्घटना में घायल गृहमंत्री रामसेवक पैकरा की हालत स्थिर है। उनकी कमर और जांघ की हड्डी फ्रैक्चर हो गई है। इसके लिए सर्जरी करनी होगी। शुक्रवार की शाम सिटी स्कैन करवाकर उसकी रिपोर्ट देखी जाएगी। सबकुछ ठीक होने पर शनिवार को सर्जरी की जाएगी। रामकृष्ण केयर के मेडिकल डायरेक्टर डा. संदीप दवे ने मेडिकल बुलेटिन में बताया कि फिलहाल उनकी स्थिति बेहतर है।
पैकरा कल रात सूरजपुर जिले के प्रवास के दौरान एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। उनके वाहन चालक जसवीर सिंह तथा दो अन्य सहयोगी अशोक गुप्ता और विजय तिवारी भी जख्मी हो गए थे। गृहमंत्री समेत सभी घायलों को रात में ही वायुसेना के हेलीकॉप्टर से अंबिकापुर से रायपुर लाया गया। कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमप्रकाश पांडे, डीजीपी एएन उपाध्याय एयरपोर्ट पर मौजूद थे। तीन दिन के दिल्ली प्रवास से लौटे मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने दोपहर अस्पताल पहुंचकर उनसे मुलाकात की और डाक्टरों से उनकी स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने मीडिया को बताया कि पैकरा ठीक हैं। वे कमरे में समर्थकों से बातचीत कर रहे हैं। उनका ब्लडप्रेशर भी कंट्रोल में है। सूजन कम होने पर उनके पैर के फ्रैक्चर की सर्जरी डाक्टर करेंगे। पैकरा के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। चिंता की कोई बात नहीं। मुख्यमंत्री ने डीजीपी से हादसे की जांच की रिपोर्ट मांगी है।
रामकृष्ण अस्पताल में पैकरा से मुलाकात करते मुख्यमंत्री।