सूखा राहत सर्वे सूची में नाम जोड़ने लगाई गुहार
सूखा राहत सर्वे सूची में किसानों ने कलेक्टर से नाम जोड़ने की गुहार लगाई है। पटवारी हल्का नंबर 36 व 37 के डौंडीलोहारा, रायपुरा, संबलपुर, भेंड़ी व सेम्हरडीह के किसानों ने बताया कि मात्र एक ही दिन तीन चार घंटे मे पटवारी ने सर्वे सूची तैयार की है। जो किसान पहुंचे उनका नाम दर्ज हो गया। जिस किसान को जानकारी नहीं मिली या बाहर थे उनका नाम शामिल नहीं किया गया है। किसानों ने बताया कि पात्र होते हुए भी उनका नाम नहीं जोड़ा गया है।
सर्वे सूची कब बनी पता नहीं: ग्राम संबलपुर की किसान शंभू गिरी, माधो गिरी ने बताया कि कब सर्वे सूची बनाई गई पता ही नहीं चला। किसान अशोक शर्मा, गुलाब जैन ने बताया कि मात्र तीन चार घंटे में कोई कैसे सभी किसानों का सर्वे कर सकता है। 30 जनवरी धान खरीदी बंद होने के बाद सर्वे किया जाता या धान बिक्री के बाद सही मायनों में पात्र-अपात्र का पता चलता। संबलपुर के मानिकचंद जैन ने बताया कि उपकेंद्र संबलपुर में 25 जनवरी को 195 बोरी (78 क्वि.) धान 13 एकड़ कृषि भूमि का बेचा था। जिसमे से 109980 रुपए आनलाइन भुगतान में से 108730 रुपए कर्जे की रकम काटकर मात्र 1250 रुपए मिले।
297 किसान पात्र पाए गए
सर्वे सूची में डौंडीलोहारा के 108, रायपुरा के 69, भेंड़ी के 30 व संबलपुर के कुल 90 किसानों का नाम दर्ज है। किसान तीरथ साहू, खिलावन साहू, हिम्मत साहू, चंदन गौतमचंद सहित अन्य किसानों ने फिर से सर्वे कर छूटे पात्र लोगों का नाम जोड़ने की मांग की है।
पटवारियों ने गांव-गांव जाकर मुनादी कराकर नियमत: पंचनामा कर सर्वे सूची बनाई है। सर्वे के दिन पात्र किसान के गांव में नहीं रहने या अन्य किसी कारणों से सूची में नाम नहीं जुड़ पाया होगा। इसके लिए उच्चाधिकारियों से मार्गदर्शन लिया जा रहा है। उपर से आदेश मिलने पर नियमानुसार कार्य किया जाएगा। एसआर ठाकुर, तहसीलदार, डौंडीलोहारा