पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • वीआईपी रोड पर दोनों ओर बनेगी सर्विस लेन

वीआईपी रोड पर दोनों ओर बनेगी सर्विस लेन

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जीई रोड पर वीआईपी तिराहे से टेमरी तक करीब 7 किमी वीआईपी रोड के चौड़ीकरण का नया प्रोजेक्ट तैयार कर लिया गया। इस प्रोजेक्ट के मुताबिक सड़क 10 मीटर चौड़ी बनाई जाएगी। दोनों ओर का एक भी पेड़ नहीं कटेगा, बल्कि इन्हें डिवाइडर में ले लिया जाएगा। सड़क के दोनों ओर सरकारी जमीन पर सर्विस लेन बनेगी। सड़क बनाने में 68 करोड़ खर्च होने का अनुमान है। इसका डीपीआर बनाकर शासन को भेज दिया गया।

वीआईपी रोड का चौड़ीकरण पीडब्ल्यूडी विभाग करनेवाला था, लेकिन अब यह काम राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) को सौंप दिया गया है। शासन से मंजूरी मिलते ही इसका टेंडर जारी हो जाएगा। वीआईपी रोड के टेमरी से एयरपोर्ट तक के हिस्से को फोरलेन बनाया जा चुका है। करीब चार साल से वीआईपी तिराहे से टेमरी तक के सात किमी हिस्से का चौड़ीकरण राजनीतिक कारणों तथा मुआवजे की वजह से अटका है। अफसरों ने बताया कि शासन से अनुमति मिलते ही टेंडर जारी होगा तथा गर्मी में सड़क का काम शुरू कर दिया जाएगा।

वीआईपी रोड की चौड़ाई बढ़ाने के लिए नया डीपीआर और डिजाइन फाइनल करके मंजूरी के लिए शासन को भेज दिया है। चौड़ीकरण एक भी पेड़ काटे बगैर किया जाएगा। सुरेंद्र जैन, चीफ इंजीनियर नगरीय प्रशासन

फाइल फोटो

पेड़ बचाने खास डिजाइन
सूडा के सर्वे में यह बात सामने आई थी कि सड़क बनाने के लिए सैकड़ों पेड़ काटने होंगे। लेकिन डॉ. रमन सिंह ने पेड़ काटने का प्रस्ताव खारिज कर दिया था। इसके बाद नया डिजाइन तैयार हुआ। इसमें मुख्य सड़क की चौड़ाई बढ़ाकर 10 मीटर (30 फीट) तक की जानी है। उसके बाद दो-दो मीटर चौड़े डिवाइडर बनेंगे। पेड़ इनके भीतर जाएंगे। डिवाइडर के बाद दोनों ओर 7-7 मीटर की सर्विस रोड बनाई जाएगी। इस डिजाइन में कुछ पेड़ ही प्रभावित हो रहे हैं।

दो विभागों में टकराव
वीआईपी रोड पीडब्ल्यूडी (मंत्री राजेश मूणत) बनाएगा या नगरीय प्रशासन विभाग (मंत्री अमर अग्रवाल), इस मुद्दे पर दोनों विभागों में पिछले चार महीने से टकराव की नौबत थी। सूत्रों के अनुसार पीडब्ल्यूडी ने इस सड़क के लिए रकम विभाग के बजट में भी शामिल कर दी थीं। नगरीय प्रशासन विभाग इस पर लगातार आपत्ति कर रहा था। दोनों विभागों के बीच टकराव के बाद आखिरकार तय हुआ कि नगरीय प्रशासन विभाग ही इसे बनाएगा। सूडा इसी विभाग के अधीन एजेंसी है।

भास्कर

एक्सक्लूसिव

निर्माण
खबरें और भी हैं...