चेंबर में बवाल, कोरिया की समिति ही भंग कर दी
रायपुर| छत्तीसगढ़ चेंबर में एक बार फिर बवाल मच गया है। पदाधिकारियों के आपसी झगड़े की वजह से कोरिया जिले की पूरी इकाई को ही भंग कर दिया गया है। चेंबर की राजनीति में ऐसा पहली बार हुआ है जब कोरिया-मनेंद्रगढ़ के जिलाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, चेंबर मंत्री और संयोजक समेत पूरे पदाधिकारियों को हटा दिया गया है। चेंबर के आला पदाधिकारियों का आरोप है कि कोरिया के पदाधिकारियों की वजह से चेंबर की छवि खराब हो रही थी। इस बीच बर्खास्त चेंबर मंत्री संजय सिदवानी ने बताया कि इस फैसले के खिलाफ सभी कारोबारियों की रविवार को एक बैठक बुलाई गई है। छत्तीसगढ़ चेंबर के इस फैसले का कड़ा विरोध भी शुरू हो गया है। पदाधिकारियों का आरोप है कि चेंबर अध्यक्ष अपनी मनमानी कर रहे हैं। बिना किसी ठोस कारण के पूरी जिला इकाई को ही भंग कर दिया गया। चेंबर के अनुशासन समिति के संयोजक हरचरण सिंह साहनी ने कोरिया चेंबर उपाध्यक्ष रफीक मेमन, चेंबर मंत्री संजय सिदवानी, कोरिया जिलाध्यक्ष राकेश अग्रवाल और विधि विभाग के संयोजक हनुमानमल सुराना को चिट्ठी लिखकर इस आदेश की सूचना दी है। कोरिया के पदाधिकारियों ने चेंबर के इस फैसले के अव्यवहारिक बताते हुए आरोप लगाया है कि एक शराब कारोबारी के दबाव में आकर यह कार्रवाई की है।