काली बाइक दो नकाबपोश... बिलासपुर में चेन लूट, कुछ घंटे बाद शहर में भी
बिलासपुर शहर में शनिवार को दोपहर 2.30 बजे चेन लूट की वारदात के बाद रायपुर पुलिस एलर्ट भी नहीं हो पाई थी कि ठीक पांच घंटे बाद, काली बाइक पर सवार दो नकाबपोश लुटेरों ने आमापारा तिराहे के पास एक वृद्धा की चेन पर झपट्टा मारा और भाग निकले। वारदात की सूचना मिलते ही शहर में फिर नाकेबंदी कर दी गई, लेकिन लुटेरे नहीं फंसे। चश्मदीद लोगों ने दावा किया कि लुटेरे भिलाई की ओर भागे हैं।
दोनों वारदातों में एक ही गिरोह का अंदेशा है। पिछले एक महीने में काली बाइक पर सवार नकाबपोश लुटेरे रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में दर्जनभर से ज्यादा चेन लूट चुके हैं। सभी वारदातों में पुलिस को यही सुराग मिल पाया है कि लुटेरे दुर्ग या उससे आगे भागे हैं। इस वारदात के बाद रायपुर और दुर्ग ही नहीं, राजनांदगांव में भी पुलिस को एलर्ट कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि ब्राह्मणपारा निवासी रानी शुक्ला (66) राेज की तरह शनिवार शाम 6 बजे टहलने निकलीं। वे टहलते हुए आमापारा शीतला मंदिर के पास पहुंची ही थीं, तभी एक युवक पीछे से पैदल ही आया और उनके गले में चेन पर झपटा। लेकिन पूरी चेन टूट नहीं पाई। लुटेरे के हाथ में सोने का एक टुकड़ा ही आया और वह साधा भागा। कुछ दूर काली बाइक पर एक नकाबपोश तैयार था। लुटेरा बाइक पर बैठा और दोनों भिलाई की ओर निकल गए। वृद्धा ने शोर मचाया तब लोग इकट्ठा हुए और पुलिस को खबर दी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की है।
अभी लुटेरों का फुटेज पुलिस को नहीं मिला।
िबलासपुर में लूट के पहले घटनास्थल के पास सीसीटीवी में कैद लुटेरे।
लूट की सभी घटनाओं के जांच के लिए क्राइम ब्रांच की टीम बनाई गई है। एडिशनल एसपी क्राइम के नेतृत्व में टीम जांच चल रही है। संभवत: रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में एक ही गिरोह ने घटना को अंजाम दिया है। तीनों शहरों में जो सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, उनके आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। बीएन मीणा, एसपी
नागपुर के भाइयों पर शक, एक बंदी?
पुलिस को पूर्व में हुई घटना में कुछ क्लू मिले है। जांच में सामने आया है कि नागपुर के दो भाइयों ने चारों शहरों में घटना की है। चर्चा है कि पुलिस ने एक भाई को गिरफ्तार भी कर लिया है। दूसरे की तलाश की जा रही है। हालांकि अफसरों ने इसकी पुष्टि नहीं की है। अफसरों के अनुसार मामले की जांच चल रही है।
बिलासपुर में भी वृद्धा को बनाया निशाना
पुलिस अफसरों ने बताया कि बिलासपुर के सरकंडा में दोपहर 2 बजे के लगभग काली बाइक में सवार दो लड़कों ने एक बुजुर्ग महिला से लूट की। उसके पांच घंटे बाद रायपुर में वारदात को अंजाम दिया गया। दोनों जगह लुटेरों का हुलिया और बाइक एक जैसे आया है। बिलासपुर में लुटेरे का वीडियो फुटेज मिला है। पुलिस राजधानी में भी फुटेज तलाश कर रही है। बिलासपुर के फुटेज को सभी थाना प्रभारियों को जारी किया गया है। उस आधार पर पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही है।
लगे हुए शहरों में भी वारदात
26 जनवरी को भिलाई में चेन लूट की वारदात हुई। उसी दिन नागपुर में एक बुजुर्ग महिला के गले से चेन खींची गई। दोनों जगह लुटेरों का हुलिया एक जैसा ही था।
27 जनवरी को रायपुर के बाद बिलासपुर में भी चेन लूट की वारदात हो गई। लुटेरे वारदात के बाद रायपुर की ओर भागे। नाकेबंदी की गई लेकिन लुटेरे नहीं फंसे।
28 जनवरी को दुर्ग में भी एक महिला से लूट हुई। इसके एक दिन पहले रायपुर में वारदात के बाद लुटेरे भिलाई की ओर भागे थे। दुर्ग में चेन लूटकर नागपुर की ओर भागे।
इस साल चेन लूट से दहशत
पहली घटना : 25 जनवरी : दोपहर 12 .15 बजे समता कॉलोनी की कल्पना तिवारी (36) किराना सामान लेने गई थी। कॉलोनी में ही भीमसेन भवन के पास काले रंग की बाइक में पीछे से दो युवक आए और चेन लूट ली।
दूसरी घटना : 25 जनवरी : दोपहर 12.45 बजे पंडरी तराई की बेना साहू (60) घर के बाहर बैठी थी। बाइक में आए लुटेरों ने उनके सामने गाड़ी रोकी। एक ने उतरकर पता पूछा, फिर गले में झपट्टा मारकर चेन लूटी और भागे।
तीसरी घटना : 25 जनवरी दोपहर 1.15 बजे बिरगांव के त्रिमूर्ति नगर की दीपिका देवी सिंह (58) पड़ोसी के साथ कपड़ा दुकान जा रही थी, तभी पीछे से एक युवक आया और चेन लूट ली। कुछ दूर खड़ी बाइक से भाग निकला।
चौथी घटना : 27 जनवरी सुबह 9 बजे शिवानंद नगर रेलवे क्रासिंग स्थित होटल के पास के सब्जी व्यवसायी महिला मणिकीम (32) के गले पर बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारा। चेन नहीं खींच पाए और भाग निकले।
पांचवीं घटना : 27 जनवरी सुबह 10.40 बजे रेलवे स्टेशन गुरुद्वारा के पास संजय गांधी सब्जी मार्केट में आईं लोधीपारा की राखी अग्रवाल (42) सब्जी का भाव पूछ रही थी, तभी बाइक सवार युवक चेन लूटकर भाग गए।
वारदात के बाद लुटेरे भागे भिलाई की ओर, फिर नहीं फंसे
पीड़ित महिला।