कुशालपुर चौक पर बस में फंसी मोपेड, युवक गंभीर
रिंग रोड-1 पर भीड़भरे कुशालपुर चौक के पास फिर सड़क हादसा हो गया। इस बार भिलाई की ओर से आ रही एक बस ने सड़क पर मोपेड को चपेट में ले लिया। बस में फंसी मोपेड 50 मीटर तक घिसटती चली गई और डिवाइडर पर चढ़कर रुकी। मोपेड सवार युवक हादसे में बुरी तरह घायल हो गए। उसे अंबेडकर अस्पताल में भर्ती किया गया है। डाक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है।
जिस वक्त हादसा हुआ, बस में काफी यात्री सवार थे। बस रुकी तो हड़बड़ाए यात्री उतरे और भागने लगे। हादसे में घायल हुआ मोपेड चालक कुशालपुर मयंक अग्रवाल(20) है। वह वालफोर्ट सिटी की ओर से मोपेड से आया और कुशालपुर जाने के लिए सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान टाटीबंध से तेलीबांधा आ रही बस ने मोपेड को चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद मोपेड बस के नीचे फंस गई। मयंक बाहर निकल नहीं पाया और मोपेड के साथ काफी दूर तक घसीटा गया। उसके पूरे शरीर में गहरी चोटें आई हैं। बस जैसे ही रुकी, चीखपुकार मची और यात्री बस से उतर गए। हादसे के बाद ड्राइवर भी बस छोड़कर भाग निकला। बस रायपुर की एक ट्रैवल कंपनी की है। रिंग रोड के इस चौराहे पर अक्सर भीड़ रहती है और आसपास काफी हादसे हो चुके हैं।
इस चौराहे पर खतरा कम करने के लिए आसपास के लोगों ने कई बार आंदोलन भी किए हैं। वहां ट्रैफिक सिग्नल लगा है, फिर भी वाहनों की रफ्तार कम नहीं हो रही है। लोगों का कहना है कि यहां अंडरब्रिज या फ्लाईओवर बनाने से ही हादसों का खतरा कम हो सकता है।
दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहन।